कराची के एक अस्पताल में फैला एचआईवी, आठ महीने में छह बच्चों की मौत, 94 हुए संक्रमित

Ads

कराची के एक अस्पताल में फैला एचआईवी, आठ महीने में छह बच्चों की मौत, 94 हुए संक्रमित

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 09:21 PM IST

कराची, 22 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान में सबसे बड़े शहर कराची के एक सरकारी अस्पताल में एचआईवी फैलने से नवंबर 2025 से अब तक छह बच्चों की मौत हो चुकी है और 94 बच्चे संक्रमित हुए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सिंध प्रांत के स्वास्थ्य सचिव ताहिर हुसैन सांगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस बीमारी का प्रकोप सबसे पहले नवंबर 2025 में कराची के कुलसूम बाई वालिका अस्पताल में देखा गया था। यह अस्पताल ‘सिंध एम्प्लॉइज सोशल सिक्योरिटी इंस्टीट्यूशन’ द्वारा संचालित है।

सांगी ने कहा, ‘‘ हमने स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश पर अपनी जांच की। अस्पताल से मिले रिकॉर्ड से पता चलता है कि यह प्रकोप पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था और तब से एचआईवी/एड्स वायरस की वजह से छह बच्चों की मौत हो चुकी है।’’

सांगी ने बताया कि इस माह बच्चों में एचआईवी के 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे पिछले साल नवंबर से अब तक इस वायरस से संक्रमित बच्चों की कुल संख्या 94 हो गई है।

उन्होंने कहा कि बीमारी फैलने के बाद सिंध स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के आसपास के इलाकों में परीक्षण के लिए टीमें तैनात कीं।

सांगी ने बताया कि अस्पताल के पास रहने वाले लगभग 10,000 लोगों में से 120 लोग एचआईवी संक्रमित पाए गए, जिनमें बड़े और बच्चे दोनों शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित पाए गए लोगों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है।

भाषा

राजकुमार सुरेश

सुरेश