पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 26 आतंकवादी गिरफ्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 26 आतंकवादी गिरफ्तार
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 14 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में प्रतिबंधित टीटीपी और अल-कायदा के आतंकियों सहित कम से कम 26 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने विभिन्न शहरों में महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। यह दावा कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने शनिवार को किया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस ने एक बयान में कहा कि पिछले एक महीने के दौरान प्रांत के विभिन्न हिस्सों से 26 व्यक्तियों के कब्जे से हथियार, विस्फोटक और अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी बरामद की गई, जिनमें अल-कायदा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के पांच खतरनाक आतंकवादी शामिल हैं।
पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने प्रांत के विभिन्न जिलों में खुफिया जानकारी के आधार पर 286 अभियान संचालित किए, 286 संदिग्धों से पूछताछ की और हथियारों, विस्फोटकों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ 26 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया।
आतंकवादियों के पास से 4,935 ग्राम विस्फोटक, 19 डेटोनेटर, 34 फुट सेफ्टी फ्यूज वायर, तीन आईईडी बम बरामद किये गये।
सीटीडी ने बताया कि आतंकवादियों ने विभिन्न शहरों में महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। उसने बताया कि आतंकवादियों को लाहौर, सरगोधा, साहिवाल, खुशब, मियांवाली, भक्कर, फैसलाबाद, झंग, चकवाल, राजनपुर, नारोवाल और पाकपट्टन से पकड़ा गया। सीटीडी ने बताया कि उनके खिलाफ 25 मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


