गाजा में इजराइल के हमले में 34 लोग मारे गए

गाजा में इजराइल के हमले में 34 लोग मारे गए

गाजा में इजराइल के हमले में 34 लोग मारे गए
Modified Date: September 21, 2025 / 04:41 pm IST
Published Date: September 21, 2025 4:41 pm IST

काहिरा, 21 सितंबर (एपी) गाजा सिटी पर रात भर हुए हमलों में कम से कम 34 लोग मारे गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इजराइल द्वारा यह हमला कई देशों की ओर से फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देने की तैयारी के बीच किया गया है।

शिफा अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में शनिवार देर रात शहर के दक्षिणी हिस्से में एक रिहायशी इलाके में हुई गोलीबारी में मारे गए 14 लोग भी शामिल हैं। अधिकतर शव शिफा अस्पताल ही लाये गए थे।

स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने बताया कि मृतकों में अस्पताल में कार्यरत एक पुरुष नर्स, उसकी पत्नी और तीन बच्चे भी शामिल हैं।

इस सप्ताह शुरू हुआ इजराइली अभियान पश्चिम एशिया में उथल-पुथल मचाने वाले संघर्ष को और बढ़ा देता है और संभवतः किसी भी युद्धविराम को और भी दूर धकेल देता है। इजराइली सेना कहती है कि वह ‘हमास के सैन्य ढांचे को नष्ट करना’ चाहती है और उसने फलस्तीनियों से वहां से चले जाने का आग्रह किया है। उसने इस अभियान की कोई समय-सीमा नहीं बतायी है।

शनिवार रात को ये हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ प्रमुख पश्चिमी देश सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में विश्व नेताओं की सभा में फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, माल्टा, बेल्जियम और लक्जमबर्ग शामिल हैं। पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह रविवार को फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देगा।

संयुक्त राष्ट्र महासभा से पहले, इजराइल में शांति कार्यकर्ताओं ने फलस्तीनी राष्ट्र की प्रस्तावित मान्यता का स्वागत किया है। रविवार को, 60 से अधिक यहूदी और अरब शांति एवं सुलह संगठनों के एक समूह ‘इट्स टाइम कोएलिशन’ ने युद्ध की समाप्ति, बंधकों की रिहायी और फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देने का आह्वान किया।

इजराइल ने शनिवार रात हुए हमलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इजराइल की सेना ने रविवार को एक बयान में बिना कोई सबूत दिए कहा कि उसने माजिद अबू सेल्मिया को मार गिराया है, जो हमास की सैन्य शाखा का एक स्नाइपर था और गाजा सिटी क्षेत्र में और हमले करने की तैयारी कर रहा था।

एपी

अमित प्रशांत

प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में