(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, आठ मार्च (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने पिछले महीने सीमा पर शुरू किए गए सैन्य अभियान में 583 अफगान तालिबान आतंकवादियों को मार गिराया है। रविवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी प्राप्त हुई।
अफगान तालिबान द्वारा सीमावर्ती इलाकों में 53 स्थानों पर हमले के बाद पाकिस्तान ने 26 फरवरी को ऑपरेशन गजब-लिल-हक शुरू किया।
सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर अपडेट देते हुए कहा कि तालिबान को हुए नुकसान में ‘583 लोग मारे गए और 795 घायल हुए’ हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने मौजूदा अभियान के दौरान तालिबान की 242 चौकियों को नष्ट कर दिया, जबकि 38 अन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया गया और बाद में उन्हें नष्ट कर दिया गया।
तरार ने कहा कि तालिबान के 213 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें नष्ट कर दी गई हैं और अफगानिस्तान भर में 64 स्थानों को ‘हवाई हमले से प्रभावी ढंग से निशाना बनाया गया है।’
इस बीच, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सशस्त्र बलों ने चमन सीमा क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के तीन आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया।
सीमा पर तैनात सैनिकों ने उनसे मुठभेड़ की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि अन्य घायल हो गए लेकिन भागने में सफल रहे।
सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकवादी से चार .पांच देसी बम और बाड़ काटने के उपकरण बरामद किए।
इससे पहले, सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि शनिवार को उत्तरी वज़ीरिस्तान जिले में चलाए गए हवाई अभियान के दौरान कई अफगान तालिबान चौकियों को नष्ट कर दिया गया।
पाकिस्तान का कहना है कि अभियान में अफगान तालिबान को भारी नुकसान हुआ है और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सीमा पार उग्रवाद के खतरे को खत्म करने का उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता।
भाषा तान्या नरेश
नरेश