78वें एमी अवॉर्ड से पहले आयोजित समारोह में ‘विडोज बे’ और ‘द पिट’ का दबदबा

Ads

78वें एमी अवॉर्ड से पहले आयोजित समारोह में ‘विडोज बे’ और ‘द पिट’ का दबदबा

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 11:31 AM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 11:31 AM IST

लॉस एंजिलिस (अमेरिका), सात सितंबर (एपी) ‘विडोज बे’ धारावाहिक शृंखला ने 78वें एमी अवॉर्ड से पहले रविवार को आयोजित एक समारोह में अपने पहले सीजन के लिए आठ पुरस्कार जीतकर अपना दबदबा बनाया।

मुख्य एमी अवार्ड समारोह से आठ दिन पहले आयोजित इस समारोह में ‘द पिट’ ने भी चार पुरस्कार अपने नाम किए। दिवंगत अभिनेता रॉब रेनर को अभिनय के लिए मरणोपरांत एमी पुरस्कार मिला।

‘डीटीएफ सेंट लुइस’ ने सीमित शृंखला श्रेणियों में छह पुरस्कार जीते। इसके कलाकार डेविड हार्बर और लिंडा कार्डेलिनी ने पहली बार एमी पुरस्कार हासिल किया।

मैथ्यू राइस अभिनीत ‘विडोज बे’ में न्यू इंग्लैंड के एक छोटे शहर का मेयर सदियों पुराने अभिशाप से जूझता है। इस शृंखला ने सिनेमैटोग्राफी, साउंड, संगीत और प्रोडक्शन डिजाइन सहित कई श्रेणियों में पुरस्कार जीते। बेट्टी गिलपिन को हास्य श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अतिथि अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

इस साल 25 नामांकनों के साथ सबसे आगे रही ‘द पिट’ ने ‘प्रोस्थेटिक मेकअप’ (ऐसा मेकअप जिसमें चेहरे या शरीर की बनावट बदलने के लिए कृत्रिम सामग्री के हिस्से लगाए जाते हैं) और ड्रामा में सर्वश्रेष्ठ अतिथि अभिनेता समेत चार पुरस्कार जीते।

73 वर्षीय अर्नेस्ट हार्डन जूनियर को सीरीज में लॉई क्लोवरफील्ड की भूमिका के लिए पहला एमी मिला। पुरस्कार जीतने के बाद वह भावुक हो गए।

पहले ‘क्रिएटिव आर्ट्स एमी’ के नाम से पहचाने जाने वाले पुरस्कारों की ‘ब्रांडिंग बदलकर’ इस समारोह में उन्हें 78वें एमी अवॉर्ड की शुरुआती दो रात के रूप में पेश किया गया। इस दौरान पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम के साथ अतिथि कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

रॉब रेनर को ‘द बियर’ के लिए मरणोपरांत एमी मिलने पर दर्शकों ने भावुक होकर तालियां बजाईं। दिसंबर में उनकी और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रेनर की हत्या कर दी गई थी।

सप्ताहांत के दोनों समारोहों को संपादित कर 12 सितंबर को प्रसारित किया जाएगा, जबकि मुख्य एमी समारोह का 14 सितंबर को सीधा प्रसारण किया जाएगा।

एपी गोला सिम्मी

सिम्मी