बोगोटा (कोलंबिया), 10 अगस्त (एपी) लातिन अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को 7.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप में कम से कम 47 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
देश के पश्चिमी हिस्से में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए और लोगों को घबराहट में अपने घरों एवं इमारतों से बाहर निकलने को मजबूर होना पड़ा। भूकंप में दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
भूकंप के झटके पड़ोसी इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किये गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) और कोलंबिया की संबंधित एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र सैन होज़े डेल पाल्मार में था। यह जगह कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से लगभग 400 किलोमीटर पश्चिम में चोको क्षेत्र में है। यूएसजीएस के मुताबिक भूकंप का केंद्र सतह से 107 किलोमीटर की गहराई पर था।
कोलंबिया के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि यह पिछले एक दशक में देश में दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। इसके बाद 2.8 और 4.8 तीव्रता के दो झटके भी महसूस किए गए।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि पेरेइरा शहर में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है, जबकि मनीजालेस में दो लोगों की जान गई। वाले देल काउका में 27 लोगों की मौत हो गई।
मनीजालेस शहर में एक गिरजाघर का टावर ढहकर उसके मुख्य प्रार्थना कक्ष पर जा गिरा। चोको की गवर्नर नूबिया कॉर्डोबा ने सोशल मीडिया पर कहा कि क्षेत्रीय राजधानी क्विब्दो में ‘‘लोग घायल हुए हैं और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।’’
स्थानीय मीडिया संस्थानों द्वारा साझा किए गए वीडियो में पेरेइरा, कैली और क्विब्दो शहरों में कई मकान क्षतिग्रस्त दिखे हैं।
कोलंबिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला ने कहा कि देश में आए भूकंप के बाद सैन जोस डेल पालमार में पैदा हुए आपात हालात से निपटने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सरकार की कार्रवाई की कमान संभाल ली है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में राहत के लिए काम कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मनीजालेस, क्विब्दो, आर्मेनिया, कार्टागो, बुएनावेंतुरा और पेरेइरा के हवाई अड्डों पर उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।
एपी आशीष अमित
अमित