बिल ऑगस्ट के निर्देशन में बनेगी जॉर्जियो अरमानी के जीवन पर आधारित फिल्म

बिल ऑगस्ट के निर्देशन में बनेगी जॉर्जियो अरमानी के जीवन पर आधारित फिल्म

बिल ऑगस्ट के निर्देशन में बनेगी जॉर्जियो अरमानी के जीवन पर आधारित फिल्म
Modified Date: July 3, 2026 / 12:45 pm IST
Published Date: July 3, 2026 12:45 pm IST

लॉस एंजिलिस, तीन जुलाई (भाषा) दो बार ‘पाल्मे डी’ओर’ पुरस्कार जीत चुके फिल्मकार बिल ऑगस्ट दिवंगत फैशन डिजाइनर जॉर्जियो अरमानी के जीवन पर आधारित फिल्म का निर्देशन करेंगे।

‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ के अनुसार, ‘अरमानी: द किंग ऑफ फैशन’ नामक इस फिल्म का निर्माण इतालवी निर्माता आंद्रेया इर्वोलिनो करेंगे। फिल्म में इटली के मशहूर डिजाइनर अरमानी के जीवन और करियर को दिखाया जाएगा। अरमानी का पिछले वर्ष सितंबर में मिलान में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

इर्वोलिनो ने ‘पेले द कॉन्करर’, ‘द हाउस ऑफ द स्पिरिट्स’, ‘ले मिजरेबल्स’, ‘नाइट ट्रेन टू लिस्बन’ और ‘ए फॉर्चुनेट मैन’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले ऑगस्ट की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘कुछ निर्देशक बेहतरीन फिल्में बनाते हैं और कुछ में महानता के पीछे छिपी मानवीय संवेदनाओं को सामने लाने की दुर्लभ क्षमता होती है। बिल ऑगस्ट इसी असाधारण श्रेणी में आते हैं।’’

हालांकि, अरमानी समूह ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना को उसकी अनुमति नहीं मिली है और इसका फैशन हाउस से कोई संबंध नहीं है।

इटली के पियाचेंजा में 1934 में जन्मे अरमानी ने अपने करियर की शुरुआत दुकानों की खिड़कियां सजाने वाले के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने पुरुषों के परिधान के जाने माने डिजाइनर नीनो चेरुती के साथ काम किया।

उन्होंने अपने साझेदार और वास्तुकार सर्जियो गालियोटी के साथ मिलकर 1975 में जियोर्जियो अरमानी फैशन हाउस की स्थापना की।

अरमानी बाद में दुनिया के सबसे प्रभावशाली फैशन डिजाइनरों में शामिल हो गए। उनके हॉलीवुड से भी करीबी संबंध रहे और उन्होंने ‘अमेरिकन जिगोलो’, ‘द अनटचेबल्स’ तथा ‘द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट’ जैसी फिल्मों के लिए परिधान डिजाइन किए।

‘अरमानी: द किंग ऑफ फैशन’ के कलाकारों की घोषणा अभी नहीं की गई है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में