हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिका का पलटवार, ईरान ने क्षेत्र के देशों पर किए हमले

हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिका का पलटवार, ईरान ने क्षेत्र के देशों पर किए हमले

हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिका का पलटवार, ईरान ने क्षेत्र के देशों पर किए हमले
Modified Date: June 10, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: June 10, 2026 7:58 pm IST

दुबई, 10 जून (एपी) अमेरिकी हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराने के बाद अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान पर हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र के कई देशों को निशाना बनाया। इस टकराव से युद्ध समाप्त करने की कोशिशों के पटरी से उतरने का खतरा पैदा हो गया है।

बहरीन, कुवैत और जॉर्डन पर ईरान के हमले के कुछ घंटों बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया कि ईरान ‘‘समझौते पर बातचीत करने में काफी समय’’ लगा रहा है और ‘‘अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।’’

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि तेहरान के लिए इसका असल में क्या मतलब होगा।

सोमवार को ईरान और इजराइल द्वारा एक-दूसरे को निशाना बनाए जाने के बाद, इस हफ़्ते दूसरी बार गोलाबारी की ऐसी घटनाओं से युद्धविराम खतरे में पड़ गया है।

दोनों देश इस झगड़े को खत्म करने का कोई रास्ता ढूंढते दिख रहे हैं, बशर्ते वे इसे दोनों पक्षों की जीत के तौर पर पेश कर सकें। लेकिन इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कहीं ज़्यादा मुश्किल लक्ष्यों को हासिल करने पर अड़े हुए दिखते हैं: ईरान की धार्मिक सरकार को गिराना, उसके परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना और लेबनान में ईरान के सहयोगी हिज़्बुल्ला समूह को नष्ट करना। इससे समझौता करना बहुत मुश्किल हो जाएगा।

नेतन्याहू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दोहराया कि ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता। उन्होंने अतीत में इस्लामिक गणराज्य ईरान पर हमले करने के इजराइल के फैसलों का भी बचाव किया।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने कहा कि वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने ईरान में ‘‘वायु रक्षा प्रणालियों, जमीनी नियंत्रण स्टेशन और निगरानी रडार ठिकानों’’ को निशाना बनाकर हमले किए। ईरान ने बंदर अब्बास और केश्म द्वीप के आसपास हमलों की पुष्टि की, लेकिन नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

सेंट्रल कमांड ने कहा, ‘‘यह अभियान अमेरिकी बलों और क्षेत्रीय समुद्री मार्गों से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाजों पर हालिया हमलों के उसी तरह जवाब के रूप में चलाया गया।’’

जॉर्डन ने कहा कि उसने मुवाफ्फक सल्ती एयर बेस की ओर आ रही पांच मिसाइल को मार गिराया। जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘पेट्रा’ ने सेना के एक बयान के हवाले से कहा कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

बहरीन और कुवैत ने कहा कि उन्होंने उनकी ओर आने वाली मिसाइल को बीच रास्ते में ही निष्क्रिय कर दिया।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तुर्किये और सऊदी अरब के अपने समकक्षों से बातचीत में अमेरिकी हमलों को ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बुधवार को कहा कि नए हमलों को देखते हुए ईरान युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत पर अपने रुख की समीक्षा करेगा।

ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब एक दिन पहले ही होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सेना का एक हेलीकॉप्टर ईरानी ड्रोन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में