न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का विमान ट्रक से टकराया, पायलट और सह-पायलट की मौत

Ads

न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एयर कनाडा का विमान ट्रक से टकराया, पायलट और सह-पायलट की मौत

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 05:23 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 05:23 PM IST

न्यूयॉर्क, 23 मार्च (एपी) न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर रविवार रात लैंडिंग के दौरान एयर कनाडा का एक विमान रनवे पर दमकल विभाग के ट्रक से टकरा गया, जिसके चलते दो पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि भिड़ंत की वजह से विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद 39 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आसपास के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, जिनमें से कुछ को गंभीर चोट आई है।

अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हवाई अड्डे का संचालन करने वाले न्यूयॉर्क एवं न्यूजर्सी पोर्ट अथॉरिटी की कार्यकारी निदेशक कैथरीन गार्सिया ने बताया कि ट्रक में सवार पोर्ट अथॉरिटी के दो कर्मचारी भी घायल हो गए।

गार्सिया ने सोमवार सुबह संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों में विमान के पायलट और सह-पायलट शामिल हैं।

राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के नेतृत्व में घटना की जांच की जा रही है।

गार्सिया ने कहा कि दमकल ट्रक यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान से जुड़ी एक अलग घटना के चलते घटनास्थल पर जा रहा था।

उन्होंने कहा कि यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान में दुर्गंध आने की सूचना मिली थी।

इससे पहले एक बयान में कहा गया कि एयर कनाडा की ओर से संचालन कर रही जैज़ एविएशन की उड़ान में 72 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

विमान मॉंट्रियल-पियरे एलियट ट्रूडो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था।

संबंधित तस्वीरों और वीडियो में विमान का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त दिखता है और टूटे-फूटे कॉकपिट से तार तथा अन्य क्षतिग्रस्त चीजें लटकी दिखती हैं।

एपी जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल