अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच ब्रिटेन ने उड़ानों के ईंधन से जुड़ी योजना तैयार की
अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच ब्रिटेन ने उड़ानों के ईंधन से जुड़ी योजना तैयार की
(अदिति खन्ना)
लंदन, तीन मई (भाषा) ब्रिटेन सरकार ने रविवार को उड़ानों के संबंध में आकस्मिक उपायों की घोषणा की जिनके तहत विमानन कंपनियों को एक ही दिन में एक ही जगह जाने वाली कई उड़ानों को समायोजित करके उनकी संख्या कम करने के लिए कहा गया है।
ब्रिटेन के परिवहन विभाग ने अमेरिका-ईरान संघर्ष और होर्मुज जलडमरुमध्य की नाकेबंदी के कारण हुई विमान ईंधन की कमी के चलते कुछ अस्थायी योजनाएं पेश की हैं।
सरकार ने कहा कि अभी विमानन कंपनियों के सामने ईंधन की आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या नहीं है, लेकिन अगर संघर्ष के कारण आगे परेशानी बढ़ती है, तो गर्मियों की छुट्टियों में अचानक उड़ान रद्द होने से यात्रियों को बचाने के लिए सरकार पहले से तैयारी कर रही है।
ब्रिटेन की परिवहन मंत्री हेदी एलेक्जेंडर ने कहा, “होर्मुज जलडमरुमध्य बंद होने के बाद से सरकार रोजाना विमान ईंधन की स्थिति पर नजर रख रही है और एयरलाइंस, एयरपोर्ट्स व ईंधन सप्लायर्स के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि किसी भी समस्या से पहले ही निपटा जा सके।”
उन्होंने कहा, “फिलहाल ईंधन की समस्या नहीं है, लेकिन हम अभी से तैयारी कर रहे हैं ताकि परिवारों को दीर्घकालिक भरोसा मिल सके और इस गर्मी में उड़ानों के संचालन में कोई व्यवधान न हो। इन उपायों से विमानन कंपनियों को समय रहते अपनी उड़ानों में बदलाव करने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रियों और कारोबार दोनों को कोई परेशानी नहीं होगी।”
भाषा
जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


