पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का अडियाला जेल में चिकित्सकीय परीक्षण किया गया : रिपोर्ट
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का अडियाला जेल में चिकित्सकीय परीक्षण किया गया : रिपोर्ट
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 20 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर जारी चिंताओं के बीच शनिवार को उनकी चिकित्सकीय जांच की गई। एक मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।
इमरान खान (73) वर्ष 2023 से जेल में बंद हैं, जब भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह रावलपिंडी स्थित उच्च सुरक्षा वाली अडियाला जेल में बंद हैं।
‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकारी संस्था ‘पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान’ (पीआईएमएस) की एक विशेष टीम ने पूर्व क्रिकेटर से नेता बने खान की चिकित्सकीय जांच की।
रिपोर्ट के अनुसार, खान की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और आंखों की जांच भी शामिल थी।
रिपोर्ट में कहा गया कि पीआईएमएस के एक चिकित्सक के नेतृत्व में टीम ने जांच की, जबकि अडियाला जेल अस्पताल के चिकित्सा कर्मचारियों ने भी इस दौरान सहायता की।
खान ने आंखों से जुड़ी समस्या की शिकायत की है और चिकित्सा उपचार के लिए उन्हें कई बार पीआईएमएस ले जाया जा चुका है।
खान के समर्थकों का आरोप है कि उचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है। हालांकि, जेल अधिकारियों ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।
अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद सत्ता से हटने के बाद से खान को कई कानूनी मामलों का सामना करना पड़ा है।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


