(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 24 मार्च (भाषा) नेपाल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो अलग-अलग मामलों में एक भारतीय और एक थाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।
थाई नागरिक योंगयुत थुइयन (39) को सोमवार रात त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सुरंग द्वार से सुरक्षा जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब साढ़े तीन किलोग्राम मारिजुआना बरामद किया गया।
थाई एयरवेज के विमान से बैंकॉक से काठमांडू हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान नियमित सुरक्षा जांच में थाई नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य घटना में पुलिस ने मंगलवार को काठमांडू के बाहरी इलाके बालाजू चौक से एक भारतीय नागरिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 18 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बिहार के सीतामढी निवासी 27 वर्षीय जीतू कुमार और दो नेपाली (19 वर्षीय आदित्य मंडल और 41 वर्षीय शंभू कार्की) हैं।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन