इस्लामाबाद, 29 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने शनिवार को देश के सबसे बड़े रक्षा औद्योगिक परिसर का दौरा किया और इसकी उत्पादन तथा निर्यात क्षमताओं का जायजा लिया।
पाकिस्तान आयुध कारखाना (पीओएफ) राजधानी इस्लामाबाद से पश्चिम में लगभग 41 किलोमीटर दूर वाह में स्थित है।
सेना की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुनीर के “पाकिस्तान के सबसे बड़े रक्षा औद्योगिक परिसर” के दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्पादन क्षमताओं, निर्यात की संभावनाओं और देश के रक्षा औद्योगिक आधार में इसके योगदान की समीक्षा करना था।
मुनीर को पीओएफ के संचालन के विभिन्न पहलुओं और विभिन्न प्रकार के सैन्य उपकरणों के स्वदेशी विकास एवं उत्पादन के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
सेना ने कहा कि मुनीर के दौरे से पाकिस्तान के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादन और तकनीकी नवाचार को आगे बढ़ाने की सेना की प्रतिबद्धता रेखांकित हुई।
मुनीर को दो नये औद्योगिक संयंत्रों की स्थापना के जरिए जारी स्वदेशीकरण और आधुनिकीकरण के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी गई। इन संयंत्रों में इस साल के अंत तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप