थाईलैंड के पब में आग लगी, कम से कम 27 लोगों की मौत
थाईलैंड के पब में आग लगी, कम से कम 27 लोगों की मौत
बैंकाक, 13 जुलाई (एपी) थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में सोमवार तड़के एक पब में भयंकर आग लग गयी, जिससे इस घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुये हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अनुतिन ने बताया कि पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि उसने मंच के पास लगे एक ‘सर्किट ब्रेकर’ से धुआं निकलते देखा था, इसके तुरंत बाद बिजली चली गई, फिर एक जोरदार विस्फोट हुआ और देखते ही देखते पूरे पब में धुआं फैल गया।
अनुतिन ने बताया कि मृतकों में से कई लोग पब के पिछले हिस्से में स्थित शौचालयों में मिले।
इससे पहले दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
बचावकर्मियों की ओर से ऑनलाइन साझा किए गए वीडियो में उत्तरी बैंकॉक स्थित ‘ना लाडफ्राओ पब’ के मुख्य प्रवेश द्वार से भीषण आग की लपटें और धुएं के घने गुबार निकलते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं, जबकि आसमान में काला धुआं फैल रहा है।
बचावकर्मियों के अनुसार, आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली थी।
अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग आधा घंटा लगा। घटना के बाद की तस्वीरों में जली हुई मेज-कुर्सियां और पब का बुरी तरह क्षतिग्रस्त अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है।
थाईलैंड में इससे पहले भी इस तरह की दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की मौत हो गई थी।
इससे भी एक दशक से अधिक पहले एक जनवरी 2009 को थाईलैंड की राजधानी में नए साल के जश्न के दौरान सांटिका नाइटक्लब में लगी आग में 66 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।
माना जाता है कि वह आग क्लब के अंदर किए गए आतिशबाजी प्रदर्शन के कारण लगी थी।
एपी रंजन गोला
गोला

Facebook


