वियतनाम हादसा: नौका संचालक को हिरासत में लिया गया
वियतनाम हादसा: नौका संचालक को हिरासत में लिया गया
हनोई, 12 जुलाई (भाषा) वियतनाम में फू क्वोक द्वीप के निकट पलटी नौका के संचालक को रविवार को हिरासत में ले लिया गया और दुर्घटना के सिलसिले में आपराधिक जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी।
फू क्वोक द्वीप के पास होन मे रुत नगोई के निकट शनिवार को 32 भारतीय पर्यटकों और स्थानीय चालक दल के चार सदस्यों को ले जा रही एक नौका पलट गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी तथा अन्य लोगों को बचा लिया गया था।
वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ की खबर के अनुसार हिरासत में लिये गये व्यक्ति की पहचान 57 वर्षीय कैप्टन गुयेन होंग हेई के रूप में हुई है। वह अन जियांग प्रांत के सोन कीएन कम्यून के थुआन तिएन गांव का निवासी है।
फू क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह सफेद रेत वाले समुद्र तटों, प्रवाल भित्तियों और द्वीप भ्रमण के लिए जाना जाता है।
ऐसा बताया जा रहा है कि पर्यटक एक द्वीप की सैर कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। नौका फू क्वोक के तट से दूर अन थोई द्वीपसमूह में स्थित होन मे रुत नगोई द्वीप से करीब 400 मीटर दूर पलट गई थी।
‘वीएन एक्सप्रेस’ की खबर के अनुसार शनिवार को हुई दुर्घटना के बाद, जांचकर्ताओं और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने तुरंत घटनास्थल की जांच की, साक्ष्य और दस्तावेज एकत्र किए तथा दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
खबर के अनुसार जांच जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी उल्लंघन से वियतनामी कानून के तहत सख्ती से निपटा जाए।
स्थानीय मीडिया के अनुसार वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और प्राधिकारियों को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
समाचार पोर्टल ‘तुओई ट्रे न्यूज’ की खबर के अनुसार एक संबंधित घटनाक्रम में स्पीडबोट पलटने की घटना के बाद फू क्वोक द्वीप के निकट स्थित अन थोई द्वीपसमूह के लिए पर्यटन यात्राओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
स्थानीय संचालकों और अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेवाएं तभी दोबारा शुरू की जाएंगी, जब मौसम की स्थिति में सुधार होगा।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


