बांग्लादेश : हिंदू व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, अल्पसंख्यक संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की

बांग्लादेश : हिंदू व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, अल्पसंख्यक संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की

बांग्लादेश : हिंदू व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, अल्पसंख्यक संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
Modified Date: April 26, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: April 26, 2026 9:16 pm IST

ढाका, 26 अप्रैल (भाषा)दक्षिणपूर्वी बांग्लादेश में एक हिंदू मंदिर के रख रखाव का कार्य करने वाले व्यक्ति का शव घर से लापता होने के तीन दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला। एक अल्पसंख्यक समूह ने यह जानकारी दी।

समूह ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद (बीएचबीसीयूसी) ने शनिवार देर रात बताया कि चटगांव जिले के स्थानिया उपजिला के दोहाजारी क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर की देखभाल करने के साथ पुजारी का काम भी करते थे।

पुलिस और कॉक्स बाजार इलाके के निवासियों के मुताबिक 19 अप्रैल की देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति नयन को अपने साथ ले गए और तीन दिन बाद, उनका शव गांव के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ मिला।

कालेद कांथा नामक दैनिक ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया, ‘‘ जब हमने शव बरामद किया, तब तक वह सड़ना शुरू हो चुका था।’’

अखबार के मुताबिक पुलिस अबतक तय नहीं कर सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

परिषद ने एक बयान जारी कर नयन की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

बयान में कहा गया, ‘‘ एकता परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करती है।’’

बीएचबीसीयूसी की वरिष्ठ सदस्य काजल देबनाथ ने ‘पीटीआई-भाषा’से कहा, ‘‘ हम यह बिल्कुल नहीं समझ पा रहे हैं कि एक दूरदराज के इलाके में स्थित अपेक्षाकृत छोटे मंदिर के एक साधारण संरक्षक की हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है।’’

बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद की कॉक्स बाजार इकाई के महासचिव जॉनी धर ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव बरामद किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है।

पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि नयन की पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के गुमशुदा होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रकरण की जांच शुरू की गई।

इससे पहले नौ अप्रैल को परिषद ने कहा था कि बांग्लादेश में इस साल एक जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं हुई हैं।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में