भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच बीजिंग ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कीं, रेड अलर्ट जारी

भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच बीजिंग ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कीं, रेड अलर्ट जारी

भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच बीजिंग ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कीं, रेड अलर्ट जारी
Modified Date: August 11, 2026 / 05:22 pm IST
Published Date: August 11, 2026 5:22 pm IST

बीजिंग, 11 अगस्त (भाषा) बीजिंग ने मंगलवार को बाढ़ नियंत्रण के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दीं। चीनी राजधानी के कई जिलों में अधिकारियों ने रेड अलर्ट जारी किए और भारी बारिश की चेतावनी दी। इसके साथ ही शहरी इलाकों में जलभराव और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को लेकर भी आगाह किया गया।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, बीजिंग मौसम सेवा ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया, जबकि फांगशान, दाशिंग और तोंगझोउ समेत कई जिलों ने सबसे उच्च स्तर का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।

शहर ने बाढ़ नियंत्रण के लिए दूसरे सबसे उच्च स्तर की आपात प्रतिक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तक बीजिंग में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है।

चीन में भारी बारिश, तूफान और अत्यधिक तापमान जैसी गंभीर मौसम घटनाओं के लिए चार स्तरों वाली रंग-आधारित चेतावनी प्रणाली लागू है। इसमें ‘ब्लू अलर्ट’ सबसे कम गंभीर और ‘रेड अलर्ट’ सबसे अधिक गंभीर होता है। वहीं, ऑरेंज अलर्ट (स्तर-2) गंभीर स्थिति को दर्शाता है, जबकि येलो अलर्ट (स्तर-3) अपेक्षाकृत गंभीर श्रेणी के लिए जारी किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि अधिक जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को मंगलवार शाम तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। निर्माण कार्य रोक दिया जाएगा और पहाड़ी इलाकों में बने कैंप तथा पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया जाएगा।

बीजिंग के जल निकासी अधिकारियों ने बाढ़ नियंत्रण के लिए 252 टीमों को तैयार रखा है।

बाढ़ से बचाव के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके तहत 368 मेट्रो स्टेशनों, 33 अस्पताल परिसरों और 17 वृद्ध देखभाल केंद्रों पर बाढ़-रोधी अवरोधक लगाए जा रहे हैं।

यह अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है जब साल के 13वें तूफान ‘टाइफून डॉल्फिन’ ने रविवार को झेजियांग प्रांत में दो बार दस्तक दी।

चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रखा। केंद्र ने बुधवार दोपहर तक चीन के बड़े हिस्से में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें झेजियांग, शंघाई, शानदोंग, बीजिंग और तियानजिन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

फुजियान प्रांत में अब तक तटीय और जमीनी इलाकों के जोखिम वाले क्षेत्रों से करीब 1,67,900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

शिन्हुआ के अनुसार, रविवार देर शाम तक शंघाई ने भी खतरे वाले इलाकों से करीब 2,15,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में