ब्रिटेन की ग्रीन पार्टी ने उपचुनाव में जीत हासिल की, लेबर पार्टी तीसरे स्थान पर खिसकी
ब्रिटेन की ग्रीन पार्टी ने उपचुनाव में जीत हासिल की, लेबर पार्टी तीसरे स्थान पर खिसकी
लंदन, 27 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन की वामपंथी ग्रीन पार्टी ने संसद की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत हासिल की, जिसे छोटे दल के लिए बड़ी सफलता और प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
स्टॉर्मर की लेबर पार्टी इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रही।
ग्रीन पार्टी की उम्मीदवार हन्ना स्पेंसर (34) ने अपनी जीत को इस बात का संकेत बताया कि ग्रीन पार्टी भविष्य में लेबर पार्टी के अन्य सांसदों को भी हरा सकती है।
उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में इस उपचुनाव के लिए ग्रीन पार्टी द्वारा जारी उर्दू भाषा के विवादास्पद प्रचार वीडियो में स्टॉर्मर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ दिखाए जाने के कारण विवाद खड़ा हो गया था।
मैनचेस्टर की गॉर्टन और डेंटन सीट के लिए नवनिर्वाचित सांसद से जब इस विवादास्पद वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि ये वीडियो ‘‘सांप्रदायिक’’ प्रकृति के थे।
लेबर पार्टी ने ग्रीन पार्टी पर आरोप लगाया था कि वे निर्वाचन क्षेत्र के महत्वपूर्ण ब्रिटिश पाकिस्तानी मतदाताओं को लुभाने के स्पष्ट प्रयास में विभाजनकारी रणनीति का इस्तेमाल कर रहे हैं।
स्टॉकपोर्ट से लेबर सांसद नवेंदु मिश्रा ने कहा था, ‘‘हमारी राजनीति में नस्लवाद का कोई स्थान नहीं है, एक बार फिर हम ऐसे निंदनीय हथकंडे देख रहे हैं जो चुनावी फायदे के लिए सामुदायिक तनाव को भड़काने का जोखिम उठाते हैं।’’
स्पेंसर को गॉर्टन और डेंटन सीट से विजेता घोषित किया गया जिन्हें 14,980 मत मिले। धुर दक्षिणपंथी दल रिफॉर्म यूके के उम्मीदवार मैथ्यू गुडविन को 10,578 मत मिले, जबकि लेबर पार्टी की उम्मीदवार एंजेलिकी स्टोगिया को 9,364 मत प्राप्त हुए।
अपनी जीत के बाद स्पेंसर ने कहा, “खुद को उपेक्षित और अकेला महसूस करने वाले गॉर्टन और डेंटन के लोगों को भरोसा दिलाती हूं कि मैं उनकी आवाज मजबूती से उठाऊंगी और उनके लिए लड़ूंगी।”
स्पेंसर स्थानीय काउंसलर हैं और पेशे से प्लंबर भी हैं।
इस बीच स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘यह बेहद निराशाजनक नतीजा है।’’
लेबर पार्टी के पूर्व सांसद के इस्तीफा देने के बाद यह चुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


