लंदन में भारतीय मूल के व्यक्ति की हत्या के मामले में ब्रिटिश पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया
लंदन में भारतीय मूल के व्यक्ति की हत्या के मामले में ब्रिटिश पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया
(अदिति खन्ना)
लंदन, 17 जून (भाषा) ब्रिटेन में 26 वर्षीय भारतीय मूल के एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले की जांच कर रहे खुफिया अधिकारी ने हत्या के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है। महानगर पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गुरभेज सिंह नाम का यह युवक पिछले सप्ताह सड़क किनारे हुए चाकू के हमले का शिकार हुआ था, जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सिंह की हत्या के संदेह में मंगलवार को पश्चिमी लंदन के साउथॉल से एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है। महानगर पुलिस की ओर से इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रही खुफिया अधिकारी प्रमुख निरीक्षक एलीसन फॉक्सवेल ने कहा, ‘पिछले सप्ताह गुरभेज की मौत के बाद से अधिकारियों ने व्यापक जांच की है, जिसके आधार पर हमने हत्या के संदेह में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात से वाकिफ हूं कि इस दुखद घटना से स्थानीय स्तर पर चिंता पैदा हुई होगी। मैं घटना स्थल पर जांच के दौरान धैर्य बनाए रखने के लिए स्थानीय समुदाय का धन्यवाद करना चाहती हूं।’
साउथॉल में डोर्मर्स वेल्स लेन के पास नॉर्थ रोड पर सिंह के साथ-साथ एक अन्य 30 वर्षीय व्यक्ति पर भी हमला किया गया था। घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज किया गया और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


