इंग्लैंड में बस लूट के दौरान ब्रिटिश सिख ड्राइवर पर हमला, एक व्यक्ति गिरफ़्तार

इंग्लैंड में बस लूट के दौरान ब्रिटिश सिख ड्राइवर पर हमला, एक व्यक्ति गिरफ़्तार

इंग्लैंड में बस लूट के दौरान ब्रिटिश सिख ड्राइवर पर हमला, एक व्यक्ति गिरफ़्तार
Modified Date: September 19, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: September 19, 2026 6:57 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 19 सितंबर (भाषा) इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के एक बाजार वाले इलाके में एक सिख बस चालक के साथ मारपीट के बाद उसकी बस चोरी कर ली गई। पुलिस ने इसे ‘‘चिंताजनक घटना’’ बताया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

वेस्ट मर्सिया पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम टेलफोर्ड में बस चोरी कर उससे कई वाहनों को टक्कर मारी गयी। श्रोपशायर के मेडली स्थित कोर्ट स्ट्रीट में चालक के साथ हुई मारपीट का वीडियो बनाया गया, जो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है। वीडियो में चालक पर हमला करते और उसे ‘‘वाहन से बाहर फेंकते’’ हुए देखा जा सकता है।

डिटेक्टिव सार्जेंट टेग लैनी ने कहा, “हम समझते हैं कि आज शाम इस इलाके में रहने वाले लोगों के लिए यह चिंताजनक घटना रही होगी।”

उन्होंने कहा, “मैं समुदाय को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो अब भी पुलिस हिरासत में है।”

लैनी ने कहा, “हमारी जांच जारी है और हम उन सभी लोगों से जानकारी हासिल करना चाहते हैं, जिन्होंने घटना को देखा हो या जिनके पास हमारी मदद करने वाला कोई वीडियो फुटेज हो। विशेष रूप से हम कोर्ट स्ट्रीट, पार्क वे या हाई स्ट्रीट इलाके में घटना के समय मौजूद लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे अपने डैशकैम, सीसीटीवी, मोबाइल फोन या डोरबेल कैमरे की रिकॉर्डिंग जांचें और पुलिस से संपर्क करें।”

पुलिस ने कहा, “एक अनजान व्यक्ति और चालक के बीच हुई बहस के बाद, बस को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की ओर सड़क की गलत साइड पर चलाया गया और वह कई गाड़ियों से टकरा गई। आखिरकार गाड़ी को रोका गया और अधिकारियों ने लूटपाट और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के शक में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस की हिरासत में है।”

भाषा

प्रशांत पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में