कनाडा के स्कूल में गोलीबारी : घायल छात्रा के परिवार ने ओपनएआई पर किया मुकदमा

Ads

कनाडा के स्कूल में गोलीबारी : घायल छात्रा के परिवार ने ओपनएआई पर किया मुकदमा

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 12:46 PM IST

वैंकूवर, 10 मार्च (एपी) कनाडा में स्कूल में हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल एक छात्रा के माता-पिता ने सोमवार को दायर दीवानी मुकदमे में आरोप लगाया कि चैटबॉट बनाने वाली कंपनी ओपनएआई को पहले से पता था कि हमलावर सामूहिक हमले की योजना बना रहा था।

मुकदमे के अनुसार, कंपनी के कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित संवाद प्रोग्राम चैटजीपीटी का उपयोग हमलावर ने हमले की योजना बनाने के लिए किया था।

ओपनएआई ने कहा है कि उसने हमलावर की गतिविधियों पर विचार किया था, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। बाद में 10 फरवरी को ब्रिटिश कोलंबिया के टम्ब्लर रिज में हुई गोलीबारी के बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।

इस हमले में हमलावर जेस वान रूस्टसेलार ने आठ लोगों की हत्या करने के बाद स्वयं भी जान दे दी थी। कंपनी के अनुसार हमलावर का चैटजीपीटी खाता बंद कर दिया गया था, लेकिन उसने दूसरा खाता बनाकर प्रतिबंध से बचने की कोशिश की।

ब्रिटिश कोलंबिया उच्चतम न्यायालय में दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि कंपनी को इस बात की “विशिष्ट जानकारी” थी कि हमलावर टम्बलर रिज जैसी बड़ी जनहानि वाली घटना की योजना बनाने के लिए चैटजीपीटी का उपयोग कर रहा था।

मुकदमे में कहा गया है कि हमलावर ने चैटजीपीटी को एक भरोसेमंद सहयोगी और सलाहकार की तरह इस्तेमाल किया और कार्यक्रम ने उसकी योजना बनाने में मदद की।

याचिका के अनुसार, कंपनी के कथित आचरण के कारण छात्रा माया गेबाला को पास से तीन गोलियां लगीं—एक सिर में, एक गर्दन में और एक गाल को छूते हुए निकल गई।

मुकदमे में कहा गया है कि उसे मस्तिष्क में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण उसे स्थायी मानसिक और शारीरिक अक्षमता का सामना करना पड़ सकता है।

मामले पर टिप्पणी के लिए भेजे गए संदेश का कंपनी की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

एपी मनीषा माधव

माधव