(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 15 सितंबर (भाषा) नेपाल प्रेस परिषद ने काठमांडू के छाउनी इलाके के एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती बाढ़ पीड़ितों का एक यूट्यूबर द्वारा साक्षात्कार किए जाने पर चिंता जताई है।
प्रेस परिषद ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने यूट्यूब चैनल ‘इनसाइड द बंकर’ पर प्रसारित एक कार्यक्रम का संज्ञान लिया है, जिसमें त्रिशूली-3 ‘ए’ जलविद्युत परियोजना स्थल से 10 दिन बाद बचाए गए लोगों का साक्षात्कार किया गया था।
बचाए जाने के बाद इन लोगों को एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
यूट्यूबर और पत्रकार सूरज सिंह ठाकुरी तथा उनकी कैमरा टीम ने यह साक्षात्कार किया था, जिसकी स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर आलोचना हुई।
प्रेस परिषद ने कहा कि ‘मीडिया आचार संहिता’ का पालन हुआ है या नहीं, इसका आकलन करने के लिए वह सामग्री की जांच कर रही है।
प्रेस परिषद नेपाल के एक वरिष्ठ अधिकारी दीपक खनाल ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हमने इस संबंध में मेडिकल काउंसिल और संबंधित अस्पताल को पत्र भेजे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रेस परिषद ऐसी सामग्री की जांच और निगरानी कर रही है, ताकि ‘मीडिया आचार संहिता’ का पालन सुनिश्चित किया जा सके। हम यह भी पता कर रहे हैं कि संबंधित यूट्यूबर के पास वैध प्रेस मान्यता कार्ड है या नहीं।’’
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमस्खलन के कारण आई अचानक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई थी। इसमें करीब 1,400 लोगों की मौत हुई, जबकि 5,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश