क्यूबा ने अपनी विभिन्न जेल से 51 लोगों को रिहा करने की घोषणा की

Ads

क्यूबा ने अपनी विभिन्न जेल से 51 लोगों को रिहा करने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 08:21 AM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 08:21 AM IST

हवाना, 13 मार्च (एपी) क्यूबा सरकार ने बृहस्पतिवार रात को एक अप्रत्याशित कदम के तहत देश की विभिन्न जेल से 51 लोगों को रिहा करने की घोषणा की।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि आगामी दिनों में की जाने वाली यह रिहाई सद्भावना और वेटिकन के साथ करीबी संबंधों से प्रेरित है।

सरकार ने यह नहीं बताया कि वह किन लोगों को रिहा करेगी। उसने सिर्फ इतना कहा कि रिहा किए जाने वाले ‘‘सभी लोगों ने अपनी सजा का एक बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया है और जेल में उनका आचरण अच्छा था।’’

सरकार ने कहा कि उसने 2010 से अब तक 9,905 कैदियों को क्षमादान दिया है। उसने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्ष में कारावास की सजा पाने वाले 10,000 अन्य लोगों को रिहा किया गया है।

क्यूबा ने जनवरी 2025 में वेटिकन के साथ बातचीत के बाद 500 से अधिक कैदियों को समय-समय पर रिहा करने के सरकारी फैसले के तहत विपक्ष के प्रमुख नेता जोस डेनियल फेरर को रिहा कर दिया।

फेरर पिछले साल अक्टूबर में क्यूबा छोड़कर अमेरिका चले गए थे।

यह अभी पता नहीं चल पाया कि सरकार जिन लोगों को रिहा करने की योजना बना रही है उनमें से कोई राजनीतिक कैदी है या नहीं।

एपी

सुरभि सिम्मी

सिम्मी