हवाना, 13 मार्च (एपी) क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने हाल में अमेरिका के साथ वार्ता की है। कैरिबियाई देश ने इस तरह की अटकलों की पहली बार पुष्टि की है।
डियाज-कैनेल ने कहा, ‘‘यह वार्ता दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मतभेदों का समाधान संवाद के जरिये तलाशने के उद्देश्य से की गई। अंतरराष्ट्रीय कारकों ने इन वार्ताओं को संभव बनाने में मदद की।’’ हालांकि, उन्होंने उन कारकों के बारे में विस्तार से नहीं बताया।
डियाज-कैनेल ने कहा कि वार्ता का उद्देश्य ‘‘द्विपक्षीय समस्याओं की पहचान करना और उनका समाधान ढूंढना था।’’
व्हाइट हाउस ने क्यूबा के साथ वार्ता को लेकर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।
डियाज-कैनेल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में द्वीप पर कोई पेट्रोलियम खेप नहीं पहुंची है, जिसका दोष उन्होंने अमेरिकी ऊर्जा नाकेबंदी पर मढ़ा।
उन्होंने बताया कि क्यूबा प्राकृतिक गैस, सौर ऊर्जा और ‘थर्मोइलेक्ट्रिक प्लांट्स’ के सहारे काम चला रहा है और तेल एवं डीजल की कमी के कारण उसके दो बिजली संयंत्र बंद हो गए हैं तथा सौर ऊर्जा उत्पादन भी सीमित हो गया है।
पिछले सप्ताह क्यूबा के पश्चिमी क्षेत्र में एक बड़े ‘ब्लैकआउट’ ने लाखों लोगों को बिजली से वंचित कर दिया।
उन्होंने कहा कि क्यूबा अपना 40 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पादन करता है और अपनी बिजली का भी स्वयं उत्पादन कर रहा है, लेकिन यह मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
क्यूबाई नेता ने कहा कि बिजली की कमी ने संचार, शिक्षा और परिवहन को प्रभावित किया है, और इसके परिणामस्वरूप सरकार को लाखों लोगों की शल्यचिकित्सा स्थगित करनी पड़ी।
एपी सुरेश अविनाश
अविनाश