मलेशिया में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के दौरान नृत्य प्रदर्शन में रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

मलेशिया में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के दौरान नृत्य प्रदर्शन में रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

मलेशिया में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के दौरान नृत्य प्रदर्शन में रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
Modified Date: February 6, 2026 / 07:42 pm IST
Published Date: February 6, 2026 7:42 pm IST

(ऋषिकेश कुमार)

कुआलालंपुर, छह फरवरी (भाषा) मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भव्य स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बड़े नृत्य प्रदर्शन के जरिए ‘मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में जगह बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में 750 से ज्यादा कलाकार, जिनकी संख्या 800 तक पहुंचने की उम्मीद है, एक साथ नृत्य प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इसमें ‘‘एक ही नृत्य प्रस्तुति में सबसे ज्यादा नर्तक होंगे, जो भारतीय समुदाय द्वारा किए जाने वाले भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य रूपों की एक भव्य प्रस्तुति को दिखाएंगे।’’

यह प्रस्तुति ‘सेलामत दतांग मोदी जी’ कार्यक्रम में होगी, जहां प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भारतीय मूल के समुदाय के लगभग 15,000 लोगों की भीड़ को संबोधित करेंगे।

कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायुक्त बी एन रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें उम्मीद है कि ‘सेलामत दतांग मोदी जी’ कार्यक्रम में करीब 15,000 लोग आएंगे और इसके साक्षी बनेंगे।’’

उन्होंने कहा कि मलेशिया में दुनिया में भारतीय मूल के लोगों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है, और तीसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय भी है।

रेड्डी ने कहा कि कार्यक्रम का शीर्षक ‘सेलामत दतांग मोदी जी’, जिसका मलेशियाई भाषा में अर्थ है ‘मोदी जी का स्वागत है’ – समुदाय की गर्मजोशी और एकजुटता को दर्शाता है।

कार्यक्रम की आयोजन समिति की सदस्य शालिनी कोठारी ने इस महत्वाकांक्षी रिकॉर्ड के प्रयास के विवरण साझा किए।

उन्होंने कहा, ‘‘इस कार्यक्रम में 750 से ज्यादा कलाकार प्रस्तुति देंगे। ‘मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ के सदस्य मौजूद रहेंगे… हमने इसे दर्ज करने के लिए पहले ही उनके पास आवेदन दिया है।’’

कोठारी ने बताया कि ये नृत्य प्रस्तुति लगभग पांच मिनट तक चलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर को कुआलालंपुर पहुंचेंगे और शाम को प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में