जिम्बाब्वे में झील में नौका पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हुई
जिम्बाब्वे में झील में नौका पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हुई
हरारे, 12 अगस्त (एपी) जिम्बाब्वे की करिबा झील में क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक नौका के पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि जिम्बाब्वे और जाम्बिया की सीमा पर स्थित इस झील से शवों को बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने मंगलवार को हुई इस दुर्घटना में घायल हुए या अब तक लापता लोगों की सटीक संख्या के बारे में कोई नया विवरण जारी नहीं किया है। इस दुर्घटनाग्रस्त नौका का संचालन एक सरकारी एजेंसी कर रही थी।
जिम्बाब्वे की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, दुर्घटना के समय नौका में कम से कम 114 वयस्क यात्री और चालक दल (क्रू) के पांच सदस्य सवार थे।
अधिकारियों का कहना है कि नौका में सवार कुल लोगों की सटीक संख्या का पता लगाना कठिन है, क्योंकि उपलब्ध आंकड़े केवल उन यात्रियों के हैं जिन्होंने टिकट खरीदा था। इसमें उन बच्चों की संख्या शामिल नहीं है, जिनकी उम्र इतनी कम थी कि उनके लिए टिकट लेना जरूरी नहीं था।
अधिकारियों के मुताबिक, इस नौका की कुल क्षमता केवल 90 लोगों को ले जाने की थी। इस नौका का इस्तेमाल करिबा झील के आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को तट पर स्थित करिबा शहर तक ले जाने के लिए किया जाता है।
एपी
सुमित नरेश
नरेश

Facebook


