नेपाल में बाढ़ : मृतक संख्या बढ़कर 538 हुई
नेपाल में बाढ़ : मृतक संख्या बढ़कर 538 हुई
काठमांडू, 28 अगस्त (भाषा) नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद तलाश और बचाव अभियान के दौरान और शव बरामद होने से मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 538 हो गई।
इस बीच, तिब्बत की सीमा पर हिमस्खलन के कारण बनी एक झील के जलस्तर में वृद्धि से फिर से बाढ़ आने के खतरे को देखते हुए अभियान सावधानी के साथ चलाया जा रहा है।
नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा कि आठ जिलों से शव बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नवलपरासी पूर्व से 134, चितवन से 221, गोरखा से 46 और नुवाकोट से 37 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह, धादिंग से 33, तनहूं से 28, नवलपरासी पश्चिम से 27 और रसुवा से 12 शव बरामद किए गए हैं।
बयान के अनुसार, इस घटना के तीसरे दिन भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रहा। इसके लिए 7,451 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया, जिनमें नेपाल सेना के 2,391 जवान भी शामिल हैं।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में जिस स्थान पर विनाशकारी अचानक बाढ़ आई थी, वहां जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में एक और बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है।
यह चेतावनी बुधवार को आई उस अचानक बाढ़ के बाद जारी की गई है, जिसने रसुवा और मध्य नेपाल के अन्य हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस बाढ़ में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग लापता हो गए।
एनडीआरआरएमए ने तलाशी और बचाव अभियानों में शामिल लोगों के साथ-साथ विभिन्न कारणों से भोटेकोशी और त्रिशूली क्षेत्रों में रह रहे लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


