डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने रुबियो से ईरान शांति समझौते पर संसद को जानकारी देने की मांग की

डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने रुबियो से ईरान शांति समझौते पर संसद को जानकारी देने की मांग की

डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने रुबियो से ईरान शांति समझौते पर संसद को जानकारी देने की मांग की
Modified Date: June 18, 2026 / 11:15 am IST
Published Date: June 18, 2026 11:15 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 18 जून (भाषा) डेमोक्रेटिक पार्टी के शीर्ष सांसदों ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मांग की है कि वे तीन महीने से अधिक समय तक चले युद्ध को समाप्त करने के लिए ईरान के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर अमेरिकी संसद को जानकारी दें।

सांसद ग्रेगरी मीक्स, जिम हाइम्स और एडम स्मिथ ने बुधवार को रुबियो को लिखे एक पत्र में वाशिंगटन लौटते ही संसद को ‘‘तत्काल’’ जानकारी देने की मांग की। मीक्स हाउस की विदेश मामलों, हाइम्स खुफिया मामलों और स्मिथ सशस्त्र सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य हैं।

रुबियो इस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ‘जी7’ शिखर सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों के लिए फ्रांस दौरे पर हैं।

सांसदों ने पत्र में कहा, ‘‘हम प्रशासन के कूटनीति अपनाने और युद्ध समाप्त करने के फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन प्रशासन को एमओयू, किसी भी गुप्त समझौते और 60 दिन के युद्धविराम के लिए अपनी योजना व रणनीति की विस्तृत जानकारी कांग्रेस को देनी चाहिए।’’

उन्होंने ट्रंप प्रशासन के प्रतिबंधों में छूट, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और कथित आर्थिक व पुनर्निर्माण कोष के बारे में भी जानकारी मांगी।

सांसदों ने कहा, ‘‘इन सभी सवालों पर प्रशासन पहले ही बार-बार खुद का खंडन कर चुका है, जबकि अमेरिकी जनता से एक ऐसे समझौते पर भरोसा करने को कहा जा रहा है जो उन्हें उपलब्ध ही नहीं कराया गया।’’

सांसदों ने बताया कि 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 14 अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं, सैकड़ों घायल हुए हैं, क्षेत्र में अमेरिका की महत्वपूर्ण संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, अमेरिकी हथियारों का भंडार घटा है और क्षेत्रीय साझेदारों को ईरान की जवाबी कार्रवाई की सबसे अधिक मार झेलनी पड़ी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फ्रांस के वर्साय में आयोजित रात्रिभोज के दौरान ईरान के साथ इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

रात्रिभोज के बाद ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हस्ताक्षर हो गए। मैंने वर्साय में हस्ताक्षर किए।’’

भाषा खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में