पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी : पाकिस्तान
पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी : पाकिस्तान
इस्लामाबाद, 11 जून (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और संघर्षरत पक्षों के बीच संवाद को बढ़ावा देने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है। उसने यह भी कहा कि हालिया संघर्ष ने कूटनीति के लिए गुंजाइश कम कर दी है, लेकिन यह असंभव नहीं है।
पाकिस्तान ने अप्रैल में अमेरिका और ईरान के बीच 47 वर्षों में पहली प्रत्यक्ष आमने-सामने वार्ता की मेजबानी की थी। हालांकि, यह बातचीत किसी ठोस नतीजे या सफलता के बिना समाप्त हो गई थी।
विदेश कार्यालय की साप्ताहिक प्रेस वार्ता में प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति से जुड़ी चुनौतियों को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि पाकिस्तान ने बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण समाधान पाने की उम्मीद नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा परिस्थितियों में आशावादी बने रहना बेहद मुश्किल है, क्योंकि अब दोनों पक्षों के बीच खुला सैन्य टकराव शुरू हो चुका है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमने उम्मीद पूरी तरह खो दी है।’’
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मध्यस्थता या सहयोगी की भूमिका निभाने वाले किसी भी देश के लिए आशावादी होना जरूरी है।
यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका और ईरान लगातार दूसरे दिन एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। ईरान में बृहस्पतिवार सुबह तक जारी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पिछले दिन के मुकाबले अधिक व्यापक और तीव्र नजर आई।
यह तनाव तब बढ़ा है, जब युद्धविराम सुनिश्चित करने और वार्ता प्रक्रिया को फिर से शुरू कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास ठप पड़े हुए हैं।
अंद्राबी ने कहा कि क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर पाकिस्तान गहरी चिंता में है।
उन्होंने सभी पक्षों से युद्धविराम संबंधी समझौतों का पालन करने और शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को समाप्त करने का आग्रह किया, ताकि कूटनीतिक प्रयासों और संवाद के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो सके।
भाषा आशीष खारी
खारी

Facebook


