ऑस्कर के लिए नेपाल की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ को चुना गया
ऑस्कर के लिए नेपाल की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ को चुना गया
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 14 सितंबर (भाषा) नेपाली फिल्म ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ (तिनिहरु) को 2027 में होने वाले 99वें अकादमी पुरस्कारों (ऑस्कर) में नेपाल की प्रविष्टि के रूप में चुना गया है।
अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म चयन समिति (नेपाल) को विचार के लिए ‘गौथली’ सहित दो फिल्में मिली थीं। हालांकि, समिति ने घोषणा की कि अविनाश विक्रम शाह द्वारा निर्देशित ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ 2027 के ऑस्कर में नेपाल का प्रतिनिधित्व करेगी।
समिति ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दोनों फिल्मों के तकनीकी पक्ष, कहानी, किरदारों के भावनात्मक चित्रण, कलात्मक प्रस्तुति और फिल्म की समग्र गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन करने के बाद प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नेपाल का प्रतिनिधित्व करने के वास्ते ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ को चुना गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में नेपाल का प्रतिनिधित्व करेगी।
फिल्म पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। यह कान फिल्म महोत्सव के ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ खंड में चुनी जाने वाली पहली नेपाली फीचर फिल्म बनी और उसने ‘अन सर्टेन रिगार्ड जूरी पुरस्कार’ भी जीता। फिल्म फिलहाल नेपाल के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।
फिल्म के ऑस्कर के लिए चुने जाने पर अविनाश शाह ने कहा, ‘‘इस मंच पर नेपाल का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है।’’
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी फिल्म को 2027 के ऑस्कर में नेपाल की प्रविष्टि के रूप में चुने जाने पर बधाई दी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘अविनाश विक्रम शाह द्वारा निर्देशित फिल्म ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ (तिनिहरु) को 99वें अकादमी पुरस्कारों (ऑस्कर) के लिए नेपाल की प्रविष्टि के रूप में आधिकारिक रूप से चुना गया है। पूरी टीम को हार्दिक बधाई।’’
भाषा
राखी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


