श्रीलंका के चेम्मानी में राजनयिक उपस्थिति में सामूहिक कब्रों की खुदाई फिर से शुरू होगी
श्रीलंका के चेम्मानी में राजनयिक उपस्थिति में सामूहिक कब्रों की खुदाई फिर से शुरू होगी
कोलंबो, 29 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका की एक अदालत ने जाफना के बाहरी इलाके चेम्मानी में स्थित एक सामूहिक कब्र की खुदाई का काम फिर से शुरू करने का आदेश दिया है, जो पहली बार 1990 के दशक में लिट्टे संघर्ष के दौरान चर्चा में आयी थी और इसकी खुदाई का काम सात महीने पहले रोक दिया गया था।
न्याय मंत्रालय द्वारा धनराशि फिर से आवंटित करने में देरी के कारण उत्तरी प्रांत के चेम्मानी में खुदाई का काम पिछले साल सितंबर में रुक गया था।
जाफना मजिस्ट्रेट कोर्ट को मंगलवार को बताया गया कि 21 लाख श्रीलंकाई रुपये (एलकेआर) का आवंटन उपलब्ध करा दिया गया है ताकि काम फिर से शुरू किया जा सके।
अदालत ने यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली और रोमानिया के राजनयिक प्रतिनिधियों को खुदाई स्थल पर निरीक्षण के लिए उपस्थित रहने की अनुमति दी।
खुदाई कार्य के 45 दिनों के बाद जब दूसरे चरण का काम रोक दिया गया तब तक 240 कंकाल अवशेष निकाले जा चुके थे।
खुदाई में कंकालों के अलावा, 14 हड्डियों का ढेर और शिशुओं के लिए दूध की बोतलें, एक गुड़िया, खिलौने और बच्चों के थैले तथा जूते जैसी वस्तुएं भी मिलीं।
जाफना के न्यायिक चिकित्सा अधिकारी द्वारा 14 अगस्त को जाफना मजिस्ट्रेट को सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्य अगले आठ सप्ताहों में पूरा किया जाना था।
चेम्मानी में 13 फरवरी, 2025 को नियमित विकास कार्यों के दौरान कंकालों के अवशेष मिले थे। एक सप्ताह बाद अदालत ने उनकी न्यायिक जांच का आदेश दिया। 15 मई को न्यायिक निगरानी में खुदाई शुरू हुई।
चेम्मानी 1998 में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (एलटीटीई) और सरकारी सैनिकों के बीच संघर्ष के चरम पर एक कथित सामूहिक कब्र के कारण चर्चा में आया था। उस समय लगभग 15 कंकाल मिले थे।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


