चीन में कोयला खदान में विस्फोट के कारण आठ लोगों की मौत, 38 अब भी फंसे
चीन में कोयला खदान में विस्फोट के कारण आठ लोगों की मौत, 38 अब भी फंसे
बीजिंग, 23 मई (एपी) चीन के उत्तरी प्रांत शानशी की एक कोयला खदान में विस्फोट के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 38 मजदूर अब भी खदान में फंसे हैं। सरकारी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, चांगझी शहर की लियुशेन्यू कोयला खदान में यह हादसा शुक्रवार शाम को हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय करीब 247 श्रमिक खदान में काम कर रहे थे। शनिवार सुबह तक 201 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया।
‘शिन्हुआ’ की खबर में कहा गया कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
समाचार एजेंसी की खबर अनुसार, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने लापता मजदूरों के बचाव के लिए पूरी ताकत से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर दोषियों को जवाबदेह ठहराने को भी कहा है।
शानशी प्रांत को चीन का मुख्य कोयला उत्पादक प्रांत माना जाता है। यूनान से भी बड़े इस प्रांत की आबादी करीब तीन करोड़ 40 लाख है। पिछले साल 1.3 अरब टन कोयले का उत्खनन किया गया, जो चीन के कुल उत्पादन का लगभग एक तिहाई है।
एपी खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


