सीनेट की सुनवाई में एफबीआई प्रमुख काश पटेल की डेमोक्रेट सांसदों से तीखी बहस होने की आशंका
सीनेट की सुनवाई में एफबीआई प्रमुख काश पटेल की डेमोक्रेट सांसदों से तीखी बहस होने की आशंका
वाशिंगटन, 15 सितंबर (एपी) संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल मंगलवार को निगरानी संबंधी सुनवाई के लिए एक बार फिर अमेरिकी संसद भवन पहुंचे, जहां डेमोक्रेट सांसदों के साथ उनकी तीखी बहस होने की आशंका है, जो उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
रिपब्लिकन पार्टी के नेतृत्व वाली सीनेट की न्यायपालिका समिति का जोर संभवतः हिंसक अपराधों से निपटने, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने और देश की प्रमुख संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसी एफबीआई में अपने पद से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने के पटेल के प्रयासों पर रहेगा।
हालांकि, डेमोक्रेट सांसदों के पिछले एक साल के दौरान एफबीआई के भीतर हुए घटनाक्रम को जोर-शोर से उठाने की संभावना है। इनमें राष्ट्रपति ट्रंप से जुड़ी जांच में शामिल रहे अधिकारियों की बड़े पैमाने पर बर्खास्तगी, ट्रंप के कथित राजनीतिक विरोधियों की जांच के लिए एफबीआई के प्रयास और पटेल की ऐसी यात्राएं शामिल हैं, जिनमें निजी अवकाश और आधिकारिक जिम्मेदारियां एक-दूसरे से जुड़ी नजर आई हैं।
समिति में शीर्ष डेमोक्रेट सांसद और इलिनॉय से सीनेटर डिक डर्बिन ने सुनवाई की शुरुआत में कहा, ‘‘पटेल हमारे देश के इतिहास में सबसे कम योग्य और सबसे अधिक पक्षपाती एफबीआई निदेशक हैं।’’
उन्होंने पटेल पर ट्रंप के राजनीतिक विरोधियों से बदला लेने और राष्ट्रपति की व्यक्तिगत शिकायतों को आगे बढ़ाने के लिए एफबीआई की शक्तियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
एफबीआई निदेशक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद पटेल कई बार कांग्रेस के समक्ष पेश हो चुके हैं। हालांकि, पिछले वर्ष सितंबर के बाद यह पहली बार है जब वह उस सीनेट समिति के समक्ष पेश हो रहे हैं, जिसे एफबीआई की निगरानी की मुख्य जिम्मेदारी प्राप्त है।
पिछले साल की सुनवाई में डेमोक्रेट सांसदों के साथ पटेल की तीखी बहस हुई थी। उस समय पटेल ने कैलिफोर्निया के सीनेटर एडम शिफ की बात काटते हुए उन्हें ‘‘पूरी तरह शर्मनाक’’ और ‘‘कायर’’ तक कह दिया था।
मंगलवार की सुनवाई में भी इसी तरह की तीखी बहस होने का अनुमान है, क्योंकि डेमोक्रेट सांसद पटेल के नेतृत्व और उनके आचरण की आलोचना करते रहे हैं।
डर्बिन ने अप्रैल में ‘द अटलांटिक’ पत्रिका में प्रकाशित एक लेख के बाद पटेल को एफबीआई निदेशक के पद से हटाने की मांग की थी। उस लेख में पटेल पर अत्यधिक शराब पीने के आरोप लगाए गए थे।
इसके बाद पटेल ने 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर का मानहानि मुकदमा दायर किया था।
एपी गोला अविनाश
अविनाश

Facebook


