पाकिस्तान में एलईटी के सह-संस्थापक पर गोलीबारी करने के मामले में अज्ञात हमलावरों पर प्राथमिकी

पाकिस्तान में एलईटी के सह-संस्थापक पर गोलीबारी करने के मामले में अज्ञात हमलावरों पर प्राथमिकी

पाकिस्तान में एलईटी के सह-संस्थापक पर गोलीबारी करने के मामले में अज्ञात हमलावरों पर प्राथमिकी
Modified Date: April 17, 2026 / 06:45 pm IST
Published Date: April 17, 2026 6:45 pm IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 17 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के सह-संस्थापक आमिर हमजा पर गोलीबारी करने के मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस हमले में हमजा को गोली लगी थी।

लाहौर में बृहस्पतिवार को पेको रोड पर गृह मंत्री मोहसिन नकवी के स्वामित्व वाले निजी टीवी चैनल (24न्यूजएचडी टीवी) के कार्यालय के पास बाइक सवार दो अज्ञात बंदूकधारियों ने चैनल के वाहन पर गोलीबारी की थी।

इस हमले में हमजा को गोली लगी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।’’

उन्होंने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने पुलिस से यह मामला अपने हाथ में ले लिया है और वे फिलहाल मामले की जांच में जुटी हैं।

चैनल के एक धार्मिक कार्यक्रम के प्रस्तोता न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) नजी अहमद गाजी और हमजा उस वाहन में थे जब उस पर हमला किया गया। हमजा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी (ऑपरेशन) तौकीर नईम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। एसएसपी नईम ने भी प्रभावित लोगों से मुलाकात की।

पुलिस ने कहा कि गोलीबारी के दौरान वाहन में मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे।

पुलिस ने कहा कि टाउनशिप और चुंग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे।

‘‘पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और जियो-फेंसिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए संदिग्धों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच जारी है।’’

पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल लोगों का जल्द ही पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमजा को लाहौर के जौहर टाउन स्थित उनके आवास पर ले जाया गया जहां पुलिस और एजेंसी के कर्मियों ने उनसे मुलाकात की।

मुंबई हमले के सूत्रधार हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन ‘जमात-उद-दावा’ की राजनीतिक शाखा ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (पीएमएमएल) के नेताओं (जिनमें हाफिज सईद का बेटा हाफिज तलहा सईद भी शामिल है) ने हमजा से मुलाकात की।

उन्होंने बताया कि हमले में बाल-बाल बचे न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) गाजी अब भी हाफिज़ सईद के कानूनी सलाहकार बने हुए हैं।

पीएमएमएल ने हमजा पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है और घटना में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

हमजा को लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण नेता माना जाता है। हाफिज सईद को आतंकवाद के वित्तपोषण के मामलों में कई वर्षों की सजा सुनाए जाने के बाद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में रखा गया है। हमजा को अमेरिका द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित किया जा चुका है।

भाषा

संतोष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में