पाकिस्तान एवं तुर्किये के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय स्थिति एवं द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की
पाकिस्तान एवं तुर्किये के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय स्थिति एवं द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 10 सितंबर (भाषा) यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर हमला किये जाने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ जाने के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने तुर्किये के अपने समकक्ष हाकान फिदान के साथ फोन पर क्षेत्रीय हालात और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि बुधवार को इस बातचीत के दौरान, दोनों मंत्रियों ने फलस्तीन पर अपनी साझा राय को फिर से दोहराया।
बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने आठ अरब-इस्लामिक देशों के उस संयुक्त बयान का समर्थन किया जिसमें अवैध इजराइली बस्तियों से आयात पर रोक लगाने और ऐसी बस्तियों से जुड़ी सेवाओं पर पाबंदी लगाने के ब्रिटेन के फैसले का स्वागत किया गया है।
बयान के मुताबिक दोनों ने ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों के ‘द्वि-राष्ट्र समाधान’ वाले संयुक्त बयान का भी समर्थन किया और क्षेत्रीय मामलों पर संवाद बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री डार ने न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान फिदान से मिलने पर सहमति जताई है।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा मंगलवार को सऊदी अरब के शहरों और आर्थिक एवं ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। इन हमलों में कम से कम 73 आम नागरिक घायल हुए हैं।
इन हमलों ने पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच सात अगस्त को हुए मक्का रक्षा समझौते की ओर भी ध्यान खींचा है।
इस समझौते के अनुसार तीनों देशों में से किसी एक पर भी हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


