चीन में सुरंग में विस्फोट से चार लोगों की मौत, नौ घायल

Ads

चीन में सुरंग में विस्फोट से चार लोगों की मौत, नौ घायल

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 08:35 AM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 08:35 AM IST

बीजिंग, 31 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगकिंग निकाय क्षेत्र में राजमार्ग के लिए बनाई जा रही एक सुरंग में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वानझोउ जिला परिवहन आयोग के अनुसार, यह विस्फोट सोमवार दोपहर हुबेई और सिचुआन प्रांत को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से के निर्माण स्थल पर हुआ।

शुरुआत में एक व्यक्ति के लापता और 12 अन्य के घायल होने की जानकारी दी गई।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के मुताबिक, सोमवार आधी रात तक बचाव दल ने लापता व्यक्ति का शव बरामद कर लिया, जबकि तीन घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि विस्फोट ज्वलनशील गैस के कारण हुआ । प्राधिकारियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर ली है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

भाषा खारी शोभना

शोभना