पॉल पेलोसी कैलिफोर्निया में ‘हिट-एंड-रन’ मामले में शामिल, कार को भारी नुकसान: अधिकारी

Ads

पॉल पेलोसी कैलिफोर्निया में ‘हिट-एंड-रन’ मामले में शामिल, कार को भारी नुकसान: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 08:44 AM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 08:44 AM IST

लॉस एंजिलिस, पांच जुलाई (एपी) अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की पूर्व अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के पति पॉल पेलोसी कैलिफोर्निया में एक कथित ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में शामिल पाए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक कार को भारी नुकसान पहुंचा और उनके खिलाफ मामूली आरोपों के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।

नापा काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, पॉल पेलोसी (86) शुक्रवार को अपनी भूरी रंग की कार चला रहे थे। कैलिफोर्निया के प्रसिद्ध वाइन क्षेत्र याउंटविल में उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह कुछ देर के लिए रुके लेकिन फिर वहां से चले गए।

इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह घटना देखकर 911 पर तुरंत फोन किया। इसके कुछ ही समय बाद शेरिफ के अधिकारियों ने घटनास्थल से कुछ दूर पॉल पेलोसी को उनकी क्षतिग्रस्त कार के साथ पाया।

अधिकारियों के अनुसार, पेलोसी ने बताया कि उन्हें एहसास था कि उनकी कार किसी चीज़ से टकराई है लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आया कि कब और किस वजह से टक्कर हुई।

शेरिफ कार्यालय ने बताया कि जांच में यह नहीं पाया गया कि पॉल पेलोसी ने शराब पी थी। घटना के बाद उन्हें कैलिफोर्निया मोटर वाहन विभाग के पास भेजा गया है, जहां यह तय किया जाएगा कि वह आगे वाहन चलाने के योग्य हैं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, अधिक उम्र के चालकों के मामलों में यह एक सामान्य प्रक्रिया है।

चूंकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, इसलिए पॉल पेलोसी को गिरफ्तार नहीं किया गया। हालांकि, शेरिफ कार्यालय ने दुर्घटना के बाद घटनास्थल से भागने के आरोप में उनके खिलाफ मामूली आरोपों के तहत मामला दर्ज करने की सिफारिश की है।

वहीं नैंसी पेलोसी की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इससे पहले 2022 में ऐसी ही एक घटना में पॉल पेलोसी ने नापा काउंटी में शराब पीकर वाहन चलाने के आरोपों को स्वीकार किया था जिसके बाद अदालत ने उन्हें पांच दिन की जेल और तीन वर्ष की परिवीक्षा (प्रोबेशन) की सजा सुनाई थी।

एपी शोभना सिम्मी

सिम्मी