पाकिस्तान में चार पुलिसकर्मियों का अपहरण
पाकिस्तान में चार पुलिसकर्मियों का अपहरण
कराची, चार जून (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध विद्रोहियों ने बृहस्पतिवार को चार पुलिसकर्मियों का उनकी सरकारी गाड़ी सहित अपहरण कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना बलूचिस्तान के ग्वादर बंदरगाह के पास कांतानी इलाके में हुई। ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अता उर रहमान ने बताया कि गश्त पर निकले इन चारों पुलिसकर्मियों का पता लगाने के लिए एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि ये चारों कर्मी सड़क मार्ग से ईरान जाने वाले लोगों को अवैध रूप से हिरासत में ले रहे थे और उन्हें हवालात में डाल रहे थे।’
ग्वादर बंदरगाह अशांत बलूचिस्तान प्रांत के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में से एक है, क्योंकि यह ‘चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे’ (सीपीईसी) का मुख्य केंद्र है। अतीत में भी यह प्रतिबंधित विद्रोही समूहों के निशाने पर रहा है।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


