हमास ने संरा समर्थित समिति को सत्ता सौंपने के लिए गाज़ा में अपनी सरकार भंग की

हमास ने संरा समर्थित समिति को सत्ता सौंपने के लिए गाज़ा में अपनी सरकार भंग की

हमास ने संरा समर्थित समिति को सत्ता सौंपने के लिए गाज़ा में अपनी सरकार भंग की
Modified Date: July 6, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: July 6, 2026 9:26 pm IST

दीर अल-बहाल (गाजा पट्टी), छह जुलाई (एपी) हमास उग्रवादी गुट ने सोमवार को कहा कि उसने गाजा में अपनी सरकार भंग कर दी है और अमेरिका की मध्यस्थता में हुए संघर्ष-विराम समझौते के तहत संयुक्त राष्ट्र समर्थित एक तकनीकी समिति को सत्ता सौंपने की तैयारी कर रहा है।

हमास ने यह नहीं बताया कि क्या वह हथियार छोड़ने या सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी अंतरराष्ट्रीय बल को सौंपने जैसा अहम कदम उठाने की योजना बना रहा है, लेकिन उसने अपने इस फैसले को वर्षों की लड़ाई के बाद गाज़ा के पुनर्निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का सबूत बताया।

यह साफ नहीं है कि निचले स्तर के अधिकारी द्वारा घोषित इस कदम से जमीनी स्तर पर कोई सार्थक बदलाव आएगा या नहीं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली नयी संस्था ‘बोर्ड ऑफ पीस’ को गाजा के प्रशासन और पुनर्निर्माण की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। उसने कहा कि उसे हमास की घोषणा के बारे में पता है, लेकिन वह इसके असर का आकलन “वादों के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यों के आधार पर” करेगी।

बोर्ड ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा कि युद्धविराम समझौते के मुताबिक, गाजा में सभी हथियारों पर तकनीकी विशेषज्ञों वाली समिति का नियंत्रण होना चाहिए।

हमास द्वारा संचालित सरकारी मीडिया कार्यालय के महानिदेशक इस्माइल अल-थवाबता ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि फलस्तीनी इलाके के रोजमर्रा के कामकाज के लिए “सिर्फ़ तकनीकी और पेशेवर कर्मचारी” ही अपनी जगहों पर बने रहेंगे।

दीर अल-बलाह में अल-अक्सा अस्पताल के परिसर में अल-थवाबता ने कहा, “सेवा देने का काम करने वाले सभी कर्मचारी सरकारी कर्मचारी हैं और वे ‘गाज़ा प्रशासन के लिए राष्ट्रीय समिति’ के तहत काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

इजराइल ने इस घोषणा को बेमतलब बताकर खारिज कर दिया। एक इजराइली अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, “हमास सरकार के कथित इस्तीफे का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि हमास के सभी सदस्य अपने पदों पर बने हुए हैं; यह बस एक दिखावा है।” अधिकारी को मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी।

एपी प्रशांत अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में