नेपाल में हिमस्खलन में लापता 12 लोगों की तलाश के अभियान में भारी बर्फबारी बनी बाधा

नेपाल में हिमस्खलन में लापता 12 लोगों की तलाश के अभियान में भारी बर्फबारी बनी बाधा

नेपाल में हिमस्खलन में लापता 12 लोगों की तलाश के अभियान में भारी बर्फबारी बनी बाधा
Modified Date: September 29, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: September 29, 2026 7:35 pm IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 29 सितंबर (भाषा) नेपाल के ‘हिमलुंग हिमाल’ क्षेत्र में हिमस्खलन में लापता 12 लोगों की तलाश करने का अभियान मंगलवार को भारी बर्फबारी के कारण रोकना पड़ा। इस हिमस्खलन में चार लोगों की मौत हुई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नेपाल के मनांग जिले के नार फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंची ‘हिमलुंग हिमाल’ चोटी के आधार शिविर में रविवार को हिमस्खलन हुआ था। इसमें उन तंबुओं के दबने की खबर है, जहां सहयोग कर रहे कर्मियों और पर्वतारोहण गाइड समेत 16 लोग शरण लिए हुए थे।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं और 12 लोग अब भी लापता हैं। ये सभी नेपाली नागरिक हैं।

इससे पहले सोमवार को नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा था कि हिमस्खलन में आठ लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया था कि शुरुआत में 22 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन बचावकर्मी उनमें से 10 लोगों से संपर्क स्थापित करने में सफल रहे।

संबंधित अधिकारियों ने मंगलवार को इन आंकड़ों में सुधार किया। नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन के प्रशासनिक अधिकारी सोवबित कुंवर ने मंगलवार को कहा, ‘‘हिमस्खलन की चपेट में आए 12 लोगों से अब भी संपर्क नहीं हो पाया है।’’

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को घटनास्थल पर खराब मौसम के कारण तलाश अभियान प्रभावित हुआ। लापता कर्मियों और कई गाइड की तलाश के लिए 14 सदस्यीय बचाव दल तैनात किया गया है। ये कर्मी आमतौर पर पर्वतारोहण अभियानों पर निकले लोगों को रसद और अन्य सहायता उपलब्ध कराते हैं।

बचाव दल रविवार को काठमांडू से रवाना हुआ और उसने रात चामे में बिताई। सोमवार सुबह उसे हेलीकॉप्टर से चामे से हिमलुंग आधार शिविर ले जाया गया, जहां तलाश अभियान शुरू किया गया।

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में