स्लोवाकिया के ‘एलिमेंट्री’ विद्यालय में छात्र ने शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या की, दो अन्य घायल
स्लोवाकिया के ‘एलिमेंट्री’ विद्यालय में छात्र ने शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या की, दो अन्य घायल
ब्रातीस्लावा, 29 सितंबर (एपी) उत्तर-पश्चिमी स्लोवाकिया के एक ‘एलिमेंट्री’ विद्यालय में एक छात्र ने मंगलवार को शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या कर दी और कम से कम दो अन्य लोगों को घायल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने संभावित मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और यह भी तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि आरोपी पुलिस हिरासत में है या नहीं। हालांकि, पुलिस ने कहा कि स्थिति उनके नियंत्रण में है और आम लोगों के लिए कोई और खतरा नहीं है।
स्लोवाक राहत सेवा ने बताया कि मृत शिक्षिका 61 वर्षीय महिला थीं। घायलों में एक छात्र भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर है, जबकि 41 वर्षीय एक अन्य शिक्षिका को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने कहा कि वह ‘‘इस घटना से बेहद दुखी हैं’’ और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ मिलकर मृत शिक्षिका के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पेलेग्रिनी ने कहा, ‘‘ऐसी घटनाएं हमारे पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी हैं। यह और भी महत्वपूर्ण है कि हम समाज में बनाए जा रहे माहौल पर पूरा ध्यान दें। हमें अधिक शांति, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति आदर की जरूरत है।’’
एपी तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


