हांगकांग: वॉल स्ट्रीट जर्नल के प्रकाशक अपने संवाददाता को यूनियन का पद संभालने से रोकने के दोषी

हांगकांग: वॉल स्ट्रीट जर्नल के प्रकाशक अपने संवाददाता को यूनियन का पद संभालने से रोकने के दोषी

हांगकांग: वॉल स्ट्रीट जर्नल के प्रकाशक अपने संवाददाता को यूनियन का पद संभालने से रोकने के दोषी
Modified Date: September 10, 2026 / 12:46 pm IST
Published Date: September 10, 2026 12:46 pm IST

हांगकांग, 10 सितंबर (एपी) हांगकांग की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ (डब्ल्यूएसजे) के प्रकाशक को अपनी एक संवाददाता को एक यूनियन का पद संभालने से रोकने का दोषी ठहराया। इस मामले ने शहर में प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है।

हालांकि, अदालत ने ‘डाउ जोंस पब्लिशिंग कंपनी (एशिया) इनकॉर्पोरेटेड’ को यूनियन में भूमिका के कारण संवाददाता को नौकरी से बर्खास्त करने के आरोप से बरी कर दिया।

डब्ल्यूएसजे की पूर्व संवाददाता एवं ट्रेड यूनियन ‘हांगकांग जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन’ की अध्यक्ष सेलिना चेंग ने जुलाई 2024 में अपनी नौकरी गंवाने के बाद ‘डाउ जोंस पब्लिशिंग कंपनी (एशिया) इनकॉर्पोरेटेड’ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

कभी एशिया में प्रेस की स्वतंत्रता के लिए पहचान रखने वाला हांगकांग हाल के वर्षों में मीडिया के परिदृश्य में बदलाव देख रहा है। इनमें समाचार संस्थानों को जबरन बंद कराना और उनके शीर्ष अधिकारियों पर मुकदमे चलाना शामिल है।

प्रधान मजिस्ट्रेट डेविड चेउंग ने प्रतिवादी को पहले आरोप में दोषी ठहराया, लेकिन कहा कि दूसरे आरोप को साबित करने के लिए पर्याप्त आधार नहीं हैं और बचाव पक्ष की दलीलों से उचित संदेह पैदा होता है।

चेंग ने पहले कहा था कि उनके पर्यवेक्षक ने उनसे कहा था कि यूनियन चुनाव में उनका हिस्सा लेना समस्या पैदा कर सकता है और पर्यवेक्षक को इस मुद्दे पर न्यूयॉर्क में ‘जर्नल’ के प्रबंधन और डाउ जोंस के कानूनी विभाग से सलाह-मशविरा करने की आवश्यकता है।

चेंग ने बताया कि उनसे कहा गया था कि उनकी यूनियन की भूमिका उनकी नौकरी के अनुकूल नहीं होगी।

डाउ जोंस ने पिछले साल शहर के रोजगार अध्यादेश के तहत लगाए गए दोनों आरोपों में खुद को निर्दोष बताया था। इनमें से प्रत्येक आरोप में अधिकतम 1,00,000 हांगकांग डॉलर (लगभग 12,750 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना हो सकता है। पहला आरोप कंपनी पर चेंग को यूनियन में भागीदारी के अधिकारों का प्रयोग करने से रोकने या हतोत्साहित करने का है, जबकि दूसरा आरोप यूनियन में भागीदारी के अधिकार का इस्तेमाल करने पर उन्हें नौकरी से निकालने का है।

मुकदमे की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत को यह समझाने की कोशिश की कि चेंग को छंटनी के कारण नौकरी से हटाया गया था और दलील दी कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर पाया कि कंपनी प्रबंधन ने चेंग के पर्यवेक्षक को ऐसे निर्देश दिए थे।

बचाव पक्ष ने पिछली सुनवाई में चेंग पर दुर्भावनापूर्ण तरीके से काम करने का भी आरोप लगाया था।

वर्ष 2024 में चेंग को नौकरी से निकाले जाने के फैसले ने कई पत्रकारों को हैरानी में डाल दिया था, विशेष रूप से इसलिए क्योंकि हांगकांग के स्थानीय मीडिया संस्थानों की तुलना में विदेशी समाचार संगठनों को कम दबाव का सामना करना पड़ता था।

बीजिंग द्वारा 2020 में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू किए जाने के बाद सरकार की आलोचनात्मक कवरेज के लिए चर्चित दो स्थानीय समाचार पत्र ‘एप्पल डेली’ और ‘स्टैंड न्यूज’ अपने शीर्ष प्रबंधन की गिरफ्तारी के बाद बंद हो गए थे।

एपी खारी मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में