थाईलैंड में एक बाल वाटिका में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या करने के संदिग्ध ने आत्मसमर्पण किया
थाईलैंड में एक बाल वाटिका में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या करने के संदिग्ध ने आत्मसमर्पण किया
बैंकॉक, 10 सितंबर (एपी) पूर्वी थाईलैंड में एक बाल वाटिका में शिक्षिका के रूप में काम करने वाली अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले एक पुलिस अधिकारी ने रात भर चले गतिरोध के बाद बृहस्पतिवार को आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चोनबुरी की प्रांतीय सरकार के अनुसार, चोनबुरी प्रांत के बांग लामुंग थाने में तैनात अधिकारी तत्सापोंग थोंगथाट ने बुधवार को राजधानी बैंकॉक से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित ‘नोंगपललाई म्यूनिसिपल किंडरगार्टन’ की एक इमारत के अंदर अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के बाद वह अपने घर भाग गया, जिसके बाद पुलिस ने घर को घेर लिया। वह करीब 18 घंटे तक घर के अंदर रहा और इसके बाद आत्मसमर्पण कर दिया।
थाईलैंड में स्कूलों की सुरक्षा और बंदूक से होने वाली हिंसा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले सात अगस्त को 14 वर्षीय एक छात्र ने अपने हाई स्कूल और घर में गोलीबारी कर आठ लोगों की हत्या कर दी थी। घटना में 20 से अधिक लोग घायल भी हो गए थे। बाद में उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
थाईलैंड में बंदूक रखने के कानून अपेक्षाकृत सख्त हैं, फिर भी वहां बंदूक रखने वाले लोगों की संख्या एशिया के कई अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक है।
एपी गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


