तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सैकड़ों उड़ानें प्रभावित
तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सैकड़ों उड़ानें प्रभावित
वाशिंगटन, 22 सितंबर (एपी) अमेरिका के फिलाडेल्फिया में एक प्रमुख हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र में तकनीकी खराबी के कारण सोमवार को देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई यातायात कई घंटे तक बाधित रहा और सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी ने यह जानकारी दी।
डफी ने बताया कि क्षतिग्रस्त संचार लाइनों की मरम्मत के बाद न्यूयॉर्क क्षेत्र समेत प्रभावित हवाई अड्डों पर परिचालन बहाल हो गया।
सोमवार को आई खराबी के कारण न्यूयॉर्क शहर क्षेत्र के सभी प्रमुख हवाई अड्डे प्रभावित हुए और सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 600 से अधिक उड़ान शामिल थीं।
डफी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मरम्मत पूरी हो जाने के बाद भी उड़ानों में पहले से हो रही देरी का असर खत्म होने में कुछ समय लगेगा।
फिलाडेल्फिया स्थित संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) केंद्र की मुख्य संचार लाइन सोमवार को पहले खराब हो गई थी और वैकल्पिक फाइबर ऑप्टिक लाइन को रेल निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों ने अनजाने में काट दिया। इससे हवाई यातायात नियंत्रण कक्षों का रडार और संचार संपर्क कई घंटे तक बाधित रहा।
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के अनुसार, इस खराबी के कारण दिन के ज्यादातर समय नेवार्क में वाणिज्यिक हवाई यातायात लगभग ठप रहा। स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न करीब नौ बजकर 40 मिनट से शाम पांच बजकर 20 मिनट के कुछ बाद तक कोई वाणिज्यिक उड़ान वहां नहीं उतरी।
फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 200 से अधिक उड़ान भी रद्द कर दी गईं, जबकि न्यूयॉर्क के लागार्डिया और कैनेडी हवाई अड्डे भी प्रभावित हुए। सोमवार शाम तक इन हवाई अड्डों पर उड़ानें फिर शुरू हो गई थीं।
कुछ विमानन कंपनियों ने यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी उड़ान बदलने की अनुमति दी। एफएए ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी।
ये उड़ानें ऐसे समय में प्रभावित हुईं जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई विदेशी नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंच रहे थे।
एफएए ने कहा कि सोमवार सुबह मुख्य लाइन का एक सर्किट खराब हो गया और जब प्रणाली ने वैकल्पिक लाइन पर जाने की कोशिश की तो पता चला कि फाइबर ऑप्टिक लाइन कट चुकी है।
एफएए के प्रशासक ब्रायन बेडफोर्ड ने संवाददाताओं को बताया कि एजेंसी ने मुख्य लाइन पर नया सर्किट लगाकर संपर्क जल्द से जल्द बहाल करने पर ध्यान केंद्रित किया और साथ ही वैकल्पिक फाइबर ऑप्टिक लाइन की मरम्मत भी की जा रही थी।
एपी
सिम्मी गोला
गोला

Facebook


