यूक्रेन को सहायता भेजने पर आपत्ति नहीं जताएगा हंगरी: नाटो प्रमुख

Ads

यूक्रेन को सहायता भेजने पर आपत्ति नहीं जताएगा हंगरी: नाटो प्रमुख

  •  
  • Publish Date - June 12, 2024 / 07:59 PM IST,
    Updated On - June 12, 2024 / 07:59 PM IST

ब्रसेल्स, 12 जून (एपी) उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव जेंस स्टॉलटेनबर्ग ने बुधवार को बताया कि हंगरी ने कहा है कि वह नाटो की ओर से यूक्रेन को सहायता भेजने पर आपत्ति नहीं जताएगा।

स्टॉलटेनबर्ग ने कहा कि हालांकि हंगरी सरकार युद्धग्रस्त यूक्रेन को निजी सहायता या अनुदान प्रदान नहीं करेगी।

अगले महीने वाशिंगटन में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और नाटो के सदस्य देशों के प्रमुखों के बीच यूक्रेन को अधिक विश्वसनीय एवं दीर्घकालिक सुरक्षा तथा सैन्य प्रशिक्षण सहायता प्रदान करने के लिए एक नयी प्रणाली को लेकर सहमति बनने की उम्मीद है।

हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के साथ वार्ता के बाद स्टॉलटेनबर्ग ने बुडापेस्ट में संवाददाताओं से कहा, “हंगरी नाटो के इन प्रयासों में भाग नहीं लेगा और मैं इस रुख को स्वीकार करता हूं।”

स्टॉलटनबर्ग ने कहा कि उन्होंने और ओर्बन ने “यूक्रेन के लिए नाटो के समर्थन में हंगरी की गैर-भागीदारी के तौर-तरीकों पर सहमति व्यक्त की है।”

स्टॉलटेनबर्ग ने कहा, “इन गतिविधियों में हंगरी का कोई भी कर्मी भाग नहीं लेगा तथा इनमें हंगरी के धन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।”

स्टॉलटेनबर्ग ने कहा, “इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने मुझे आश्वासन दिया है कि हंगरी इन प्रयासों का विरोध नहीं करेगा, जिससे अन्य सहयोगी आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने पुष्टि की है कि हंगरी अपनी नाटो प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह बरकरार रखेगा।”

नाटो सर्वसम्मति से सभी फैसले लेता है।

एपी जोहेब सुरेश

सुरेश