भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए मेरा सलाम : नेतान्याहू
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए मेरा सलाम : नेतान्याहू
दुबई/यरुशलम, 30 सितंबर (भाषा) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि दुबई-तेल अवीव फ्लाईदुबई उड़ान के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे अपने सह-पायलट का मुकाबला किया।
मच्छार को ‘‘सच्चा नायक’’ बताते हुए नेतन्याहू ने कहा, ‘‘चाकू से हमला किए जाने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने सह-पायलट का मुकाबला किया और एक भयावह हादसा टल गया।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मच्छार ने इजराइली नागरिकों और अन्य देशों के नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बचाई। मैं कैप्टन मच्छर के शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वह सच्चे नायक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘असाधारण बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को मेरा सलाम।’’
नेतन्याहू ने इससे पहले कहा था कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर यात्रियों से भरे विमान को गिराने की कोशिश की।
इजराइली मीडिया के अनुसार, फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गये। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये।
समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गये और बाद में इज़राइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू घोंप दिया और ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर पायलट) ने यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘उड़ान के दौरान, जब वे इज़राइल की तरफ आ रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ज़ाहिर तौर पर यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।’’
उन्होंने बताया कि एक इज़राइली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा, जिसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था, और जो विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।
नेतान्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।’’
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने सऊदी अरब के तबुक की ओर मुड़ने से पहले आपातकालीन सिग्नल भेजे और तेज़ी से नीचे की ओर जाने लगी।
तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि उड़ान के दौरान विमान में एक घटना हुई और यह तबुक में सुरक्षित रूप से उतर गया।
एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
हालांकि, एयरलाइन ने अपनी ओर से पायलटों की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है।
इज़राइली अधिकारियों को विमान के अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने लड़ाकू विमान भेजे। घटना की जांच जारी है।
इस घटना के बारे में यात्रियों के बयान भी इज़राइली मीडिया में सामने आए।
ज़्विका मेनेस नाम के एक यात्री ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद करने का दावा किया। उसने इज़राइल के अख़बार ‘कैल्केलिस्ट’ को बताया कि उनके और दूसरों के दखल देने से पहले उनकी पत्नी ने कॉकपिट के पास चिल्लाने और चीखने की आवाज़ें सुनी थीं।
वहीं, एक और यात्री डेलिया श्पिगेल ने इज़राइली अख़बार ‘हारेत्ज’ को बताया कि ‘‘तीन से पांच लोगों के कॉकपिट में घुसने’’ और हमलावर को काबू करने से पहले ‘‘पूरे विमान में ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें आ रही थीं।’’
वाईनेट के अनुसार, उड़ान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे।
‘बीबीसीवैरिफाई’ के उड़ान-ट्रैकिंग डेटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, फिर अचानक लगभग 17,000 फुट नीचे आ गया, 5,000 फुट ऊपर गया और फिर 7,000 फुट नीचे आकर लगभग 15,000 फुट की ऊंचाई पर स्थिर हो गया - और यह सब पांच मिनट से भी कम समय में हुआ।
इज़राइली रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज ने कहा कि विमान में हुई घटना ‘‘जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश थी, जिसे कई इज़राइली यात्रियों की बहादुरी की वजह से नाकाम कर दिया गया; उन्होंने कॉकपिट में घुसकर आतंकवादी को काबू में कर लिया।’’
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश
लेखक के बारे में
Web Title: भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए मेरा सलाम : नेतान्याहू
दुनिया की खबर | World News in Hindi
और भी पढ़ें ›जिम्बाब्वे: छह लोगों को ले जा रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, किसी के जीवित बचने की उम्मीद नहीं
01 Oct 2026 | 1:14 am
Today Live Breaking and Updates: इजराइल जा रही फ्लाइट क्रैश कराने की कोशिश, पायलट को चाकू मारा, 17 हजार फीट नीचे आया विमान
01 Oct 2026 | 1:03 amसिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले की पाकिस्तान ने आलोचना की
01 Oct 2026 | 12:47 amखबर इजराइल विमान भारतीय पायलट चार
01 Oct 2026 | 12:41 amखबर इजराइल विमान भारतीय पायलट तीन
01 Oct 2026 | 12:39 amखबर इजराइल विमान भारतीय पायलट दो
01 Oct 2026 | 12:36 amखबर इजराइल विमान भारतीय पायलट
01 Oct 2026 | 12:34 amभारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान गिराने की कोशिश किया नाकाम, यात्री तेल अवीव लौटे: मीडिया
01 Oct 2026 | 12:26 am