बेहतर महसूस कर रहा हूं : बाइडन

Ads

बेहतर महसूस कर रहा हूं : बाइडन

  •  
  • Publish Date - July 26, 2022 / 09:39 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:22 PM IST

वाशिंगटन, 26 जुलाई (एपी) कोरोना वायरस से संक्रमित अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को कहा कि उनके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।

वहीं, व्हाइट हाउस ने ऐसे नए टीके विकसित करने पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को एक शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई है, जो सार्स-कोव-2 वायरस के अधिक संक्रामक स्वरूपों से ज्यादा प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम होंगे।

‘कंप्यूटर चिप’ के निर्माण पर एक ऑनलाइन चर्चा में हिस्सा लेने के बाद बाइडन ने अपनी सेहत की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अब अच्छी नींद आ रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने मजाक में कहा कि अब सुबह उनका कुत्ता उन्हें उठाता है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पत्नी यहां नहीं हैं, आमतौर पर वह उसे घुमाने ले जाती हैं। अब रोज सुबह वह मेरे सीने पर अपनी नाक रगड़ने लगता है।’’

प्रथम महिला जिल बाइडन अपने गृह नगर डेलावेयर में हैं, जबकि राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में अपने आधिकारिक आवास में पृथक रह रहे हैं।

बाइडन ने कहा कि उनके गले में अभी भी खराश है और उनकी नाक भी बंद है, लेकिन वह ‘पूरी तरह से ठीक होने के रास्ते पर हैं।’

कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद बाइडन पहली बार शुक्रवार को सार्वजनिक रूप से नजर आए थे।

इस बीच, व्हाइट हाउस मंगलवार को टीका शिखर सम्मेलन आयोजित कर रहा है, जिसमें प्रशासन के शीर्ष अधिकारी, वैज्ञानिक और दवा कंपनी के अधिकारी शामिल होंगे।

यह शिखर सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब अमेरिका में कोरोना वायरस के बीए.5 स्वरूप से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

एपी निहारिका पारुल

पारुल