इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की आंख की सर्जरी की गई

Ads

इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की आंख की सर्जरी की गई

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 08:05 PM IST

(सज्जाद खान)

इस्लामाबाद, 17 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की दाहिनी आंख की सर्जरी रावलपिंडी के एक निजी अस्पताल में की गई है। जेल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अल-कादिर ट्रस्ट मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बुशरा बीबी रावलपिंडी की अदियाला जेल में सात साल की सजा काट रही हैं। इसी मामले में सजा सुनाए जाने के बाद इमरान खान को भी अदियाला जेल में रखा गया है।

जेल अधिकारियों के बयान के अनुसार, बुशरा बीबी ने दाहिनी आंख की रोशनी कम होने की शिकायत की थी, जिसके बाद नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा उनकी तुरंत जांच की गई।

जेल अधीक्षक के हवाले से बयान में कहा गया कि उनकी दाहिनी आंख में ‘रेटिना डिटैचमेंट’ (रेटिना का अलग होना) पाया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह दी।

बयान में कहा गया कि बृहस्पतिवार रात उन्हें रावलपिंडी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चिकित्सकीय जांच की गई। रावलपिंडी के अल शिफा नेत्र अस्पताल के प्रसिद्ध रेटिना विशेषज्ञ डॉ. नदीम कुरैशी ने उनकी सर्जरी की।

अधिकारी ने बताया, “सर्जरी और एक रात अस्पताल में रहने के बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई” और उन्हें वापस अदियाला जेल ले जाया गया है।

भाषा

खारी पवनेश

पवनेश