भारत और लाइबेरिया ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर ‘मित्र समूह’ की घोषणा की

भारत और लाइबेरिया ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर ‘मित्र समूह’ की घोषणा की

भारत और लाइबेरिया ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर ‘मित्र समूह’ की घोषणा की
Modified Date: September 25, 2026 / 10:09 pm IST
Published Date: September 25, 2026 10:09 pm IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 25 सितंबर (भाषा) भारत और लाइबेरिया ने जहाजरानी और नाविकों की सुरक्षा को लेकर ‘‘मित्र समूह’’ स्थापित करने की शुक्रवार को घोषणा की।

इसे एक महत्वपूर्ण समुद्री पहल माना जा रहा है, जिसकी शुरुआत वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों के बीच की गई है।

यह पहल 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर आयोजित ‘जहाजरानी और नाविकों की सुरक्षा के लिए मित्र समूह’ की मंत्रिस्तरीय बैठक में शुरू की गई।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बैठक में कहा कि भारत और लाइबेरिया जहाजरानी और नाविकों की सुरक्षा को रेखांकित करने के लिए एक साथ आए हैं।

जयशंकर ने नाविकों और जहाजों पर हमलों की हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “दुर्भाग्य से” अब ये दुर्लभ घटनाएं नहीं रह गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ महीनों में खाड़ी, लाल सागर और इसके आसपास के क्षेत्रों में वाणिज्यिक जहाजरानी पर बार-बार हमले हुए हैं … समुद्री व्यापार को बाधित करने वाली और निर्दोष लोगों की जान लेने वाली ये कार्रवाइयां किसी भी तरह उचित नहीं ठहराई जा सकतीं।’’

दुनियाभर में जारी संघर्षों के बीच, व्यापारिक जहाजरानी और नाविक विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते जोखिमों का सामना कर रहे हैं, जिनमें होर्मुज जलडमरूमध्य, ओमान की खाड़ी, लाल सागर, अदन की खाड़ी, बाब-अल-मंदेब, काला सागर और सोमालिया शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में संचालित होने वाले या इनसे होकर गुजरने वाले विभिन्न जहाजों पर बड़ी संख्या में भारतीय नाविक काम करते हैं और वे समुद्री सुरक्षा जोखिमों का सामना करते हैं।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में