भारत एवं सिंगापुर ने रक्षा सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा की
भारत एवं सिंगापुर ने रक्षा सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा की
(गुरदीप सिंह)
सिंगापुर, 28 मई (भाषा) भारत और सिंगापुर ने बृहस्पतिवार को रक्षा सहयोग, सुरक्षा सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों तथा दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर व्यापक चर्चा की।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सिंगापुर के स्थायी सचिव (रक्षा) जोसेफ लियोंग के साथ 16वें रक्षा नीति संवाद की सह-अध्यक्षता की, जिसमें दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी की बात दोहरायी गयी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “रक्षा सहयोग, सुरक्षा सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों तथा दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर व्यापक चर्चा हुई।”
मंत्रालय ने बताया कि सिंह ने सिंगापुर सशस्त्र बलों की डिजिटल और खुफिया सेवा के डिजिटल संचालन प्रौद्योगिकी केंद्र (डीओटीसी) का दौरा किया।
बैठक के दौरान, उच्च अधिकारियों ने सिंगापुर और भारत के बीच ‘मजबूत और दीर्घकालिक’ रक्षा संबंधों को दोहराया।
उन्होंने सिंगापुर सशस्त्र बलों (एसएएफ) और भारतीय सशस्त्र बलों (आईएएफ) के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा की। उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
लंदन स्थित आयोजकों–‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्ट्रेटेजिक स्टडीज’ (आईआईएसएस) के अनुसार, सिंह शनिवार को तीन दिवसीय वार्षिक शांगरी ला डायलॉग को संबोधित करेंगे।
सिंगापुर के शांगरी-ला होटल में 29 से 31 मई तक होने वाले 23वें शांगरी-ला संवाद में 44 देश भाग लेंगे।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


